एशियन गेम्स 2026 सम्मानित महसूस कर रही हूं, फ्लैग बियरर बनने पर मनु भाकर का बयान

एशियन गेम्स 2026 सम्मानित महसूस कर रही हूं, फ्लैग बियरर बनने पर मनु भाकर का बयान
एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी शनिवार को होने वाली है। भारतीय दल के फ्लैग बिययर के रूप में ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर का चयन किया गया है। भाकर इस सम्मान से बेहद खुश हैं और इस पल के रोमांच को महसूस करने के लिए तैयार हैं।

नागोया, 19 सितंबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी शनिवार को होने वाली है। भारतीय दल के फ्लैग बिययर के रूप में ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर का चयन किया गया है। भाकर इस सम्मान से बेहद खुश हैं और इस पल के रोमांच को महसूस करने के लिए तैयार हैं।

भारतीय दल का फ्लैग बिययर चुने जाने के बाद आईएएनएस से बात करते हुए मनु भाकर ने कहा, "ईमानदारी से कहूं तो जब मुझे शुक्रवार को पता चला कि एशियन गेम्स 2026 में मुझे फ्लैग बियरर बनना है, तो मुझे अपने पुराने दिनों की याद आ गई। मैंने जब अपने करियर की शुरुआत की थी। उस समय नहीं सोचा था कि एक दिन मैं यहां तक पहुंचूंगी। मुझे बहुत ही गर्व की अनुभूति हो रही है। मैं सम्मानित और खुश महसूस कर रही हूं। इसके लिए मैं ईश्वर और सभी का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं। मुझे हमेशा समर्थन देने के लिए फैंस का भी मैं शुक्रिया अदा करती हूं।"

भाकर ने कहा, "मैंने 2018 में 16 साल की उम्र में पहली बार एशियन गेम्स में हिस्सा लिया था। उस समय एशियन गेम्स जकार्ता में हुआ था। मैं ओपनिंग सेरेमनी का हिस्सा नहीं बन पाई थी। खेल गांव सेरेमनी की वेन्यू से बहुत दूर था। मेरे कोच जसपाल सर का कहना था कि अगर तुम फ्लैग बेयरर नहीं तो फिर सेरेमनी में जाने की जरूरत नहीं है। शूटिंग इवेंट की शुरुआत के अगले दिन ही होता है, इसलिए ओपनिंग सेरेमनी में भाग लेना हमारे लिए मुश्किल होता है। पहली बार मैंने कॉमनवेल्थ गेम्स में ओपनिंग सेरेमनी में हिस्सा लिया था। ऐसे में फ्लैग बेयरर होना काफी रोमांचक है।"

एशियन गेम्स में हिस्सा लेने के लिए जापान पहुंचे भारतीय दल के एथलीटों को दिए संदेश में भाकर ने कहा, "मैं यही कहना चाहूंगी कि यहां आपको कुछ समस्या हो सकती है, लेकिन इसे नजरअंदाज करते हुए हमें बेहतर प्रदर्शन पर अपना ध्यान लगाना चाहिए। पदक आए न आए हमें अपना शत-प्रतिशत देने की कोशिश करनी चाहिए। यही वह स्टेज है जिसके लिए हमने कड़ी मेहनत की है। इसलिए शिकायत पर अपनी ऊर्जा खर्च करने से बेहतर उसे प्रदर्शन पर लगाना है। ध्यान रखिए कि यह मौका जीवन में एक बार आने की तरह है। देश में लोग भी हमें समर्थन दे रहे होंगे।"

एशियन गेम्स 2026 की आधिकारिक ओपनिंग सेरेमनी शनिवार को होनी है। सेरेमनी पालोमा मिजुहो स्टेडियम में भारतीय समयानुसार 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी। मनु भाकर के साथ दूसरे फ्लैग बियरर कबड्डी खिलाड़ी पवन शेहरावत होंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   19 Sept 2026 1:03 PM IST

Tags

Next Story