'असम में सपनों का हिमाचल, जमीनी हकीकत में संकट', सीएम के बयान पर सुधीर शर्मा का निशाना
शिमला, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा नेता एवं विधायक सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के असम दौरे के दौरान दिए गए बयानों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार प्रदेश की जनता को गुमराह करने में लगी हुई है और 'हकीकत से कोसों दूर सपनों का हिमाचल' देशभर में परोसा जा रहा है।
सुधीर शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने असम में दावा किया कि प्रदेश में कोई वित्तीय संकट नहीं है, सभी कर्मचारियों को समय पर वेतन और पेंशन मिल रही है, महिलाओं को 1500 रुपए की गारंटी दी जा रही है, और 59 वर्ष से ऊपर पुरुषों को भी इसका लाभ मिल रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अगर सब कुछ इतना ही बेहतर है तो फिर प्रदेश की जनता रोज-रोज सड़कों पर क्यों है?”
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जहां एक ओर 2027 तक आत्मनिर्भर और 2032 तक सबसे अमीर राज्य बनने के दावे कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उप मुख्यमंत्री स्वयं कह रहे हैं कि यह व्यवहारिक और संभव नहीं है। उन्होंने कहा, “एक ही सरकार में दो बयान- यह विकास नहीं, भ्रम की राजनीति है।”
सुधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री जहां भी चुनाव होते हैं, वहां हिमाचल की झूठी तस्वीर पेश कर रहे हैं, जबकि प्रदेश के अंदर हालात बिल्कुल विपरीत हैं। उन्होंने कहा, “यह सरकार ‘बोल कुछ, कर कुछ और दिखा कुछ’ के फार्मूले पर चल रही है।”
उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर खुली छूट देकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है और सरकार के संरक्षण में लूट का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा, “ऊपर से विकास के दावे, अंदर से सिस्टम ध्वस्त—यही कांग्रेस सरकार की असली पहचान है।”
अंत में सुधीर शर्मा ने प्रदेश की जनता से अपील करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के अब तक के सभी बयानों और जमीनी हकीकत की तुलना करें, सच अपने आप सामने आ जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के बीच जाकर सरकार के 'भ्रामक प्रचार' और 'वास्तविक स्थिति' को उजागर करेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 April 2026 6:57 PM IST











