औरंगाबाद पति के कान भरता था जेठ तो बदला लेने के लिए महिला ने 2 साल के भतीजे को नहर में फेंका
पटना, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के औरंगाबाद से शनिवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। दाउदनगर थाना क्षेत्र के गंगा बिगहा गांव में एक कलयुगी चाची ने भैसुर (जेठ) से प्रतिशोध के चलते दो वर्ष के मासूम को नहर में फेंक दिया, जिससे बच्चे की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
दाउदनगर पुलिस के मुताबिक, आरोप है कि पारिवारिक विवाद और भैसुर के प्रति प्रतिशोध की भावना में गंगा बिगहा निवासी जयप्रकाश यादव की पत्नी नीतू कुमारी ने अपने दो वर्ष के मासूम भतीजे को नहर में फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बच्चे का शव शनिवार सुबह घर के पास नहर से बरामद किया गया।
दाउदनगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रभूषण कुमार ने बताया कि गंगा बिगहा निवासी विकास यादव की पत्नी संगीता देवी ने शुक्रवार को अपने दो वर्षीय पुत्र भोला कुमार उर्फ प्रिंस कुमार के गायब होने को लेकर थाने में लिखित आवेदन दिया था, जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए औरंगाबाद पुलिस कप्तान के निर्देश पर दाउदनगर एसडीपीओ चंद्रभूषण कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई और एसआईटी की टीम ने स्थानीय स्तर पर छानबीन के साथ तकनीकी साक्ष्य, गुप्त सूचना और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर गंगा बिगहा निवासी नीतू कुमारी (25) को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। हिरासत में पूछताछ के दौरान महिला ने बच्चे को नहर में फेंकने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला मासूम की सगी चाची है।
आरोपी महिला ने स्वीकार किया कि उसके पति जयप्रकाश यादव को जेठ विकास यादव और जेठानी संगीता देवी मिलकर उसके खिलाफ भड़काते थे। इस कारण पति उसे हमेशा मारते-पिटते रहता था। इसलिए वह अपने पति और जेठ-जेठानी के प्रति प्रतिशोध की भावना रखती थी।
प्रतिशोध में ही उसने अपने जेठ के पुत्र भोला कुमार उर्फ प्रिंस कुमार को गोद में लेकर घर के पास स्थित नहर में फेंक दिया। उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले में पुलिस ने आरोपित महिला को जेल भेज दिया है और पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 Oct 2026 5:07 PM IST












