ऑस्ट्रेलिया-जापान के बाद अब यूरोपीय संघ के देशों ने असम पर लगाई गई पाबंदियां हटाईं
गुवाहाटी, 20 जून (आईएएनएस)। यूरोपीय संघ (ईयू) के देशों ने असम पर लगाई अपनी पाबंदियों को हटा दिया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने शनिवार को इस कदम की सराहना की।
सीएम सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर बताया कि ऑस्ट्रेलिया और जापान के बाद अब ईयू के सदस्य देशों ने भी अपनी ट्रैवल एडवाइजरी में बदलाव करते हुए असम आने वाले अपने नागरिकों पर लगाई गई पाबंदियां हटा ली हैं।
मुख्यमंत्री ने लिखा, "असम के लिए अच्छी खबर। ऑस्ट्रेलिया और जापान के बाद, अब ईयू के सदस्य देशों ने भी अपनी ट्रैवल एडवाइजरी में बदलाव किया है और राज्य में आने वाले अपने नागरिकों के लिए लगाई गई पाबंदियों को हटा लिया है। ईयू के राजनयिकों की हालिया यात्रा के बाद हुआ यह कदम असम में भरोसे को दिखाता है और ईयू-असम के बीच गहरे संबंधों के लिए अच्छा संकेत है।"
सीएम सरमा ने इस पहल को आगे बढ़ाने में सहयोग के लिए भारत में ईयू के राजदूत महामहिम हर्वे डेल्फिन का विशेष आभार व्यक्त किया।
यह फैसला असम के पर्यटन उद्योग के लिए बड़ी राहत और प्रोत्साहन माना जा रहा है। पिछले कई वर्षों से कुछ विदेशी देशों ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए असम की यात्रा पर सलाह जारी रखी थी, जिससे अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या प्रभावित हो रही थी। ईयू देशों द्वारा पाबंदी हटाने से अब यूरोप के पर्यटक आसानी से असम आ सकेंगे। इससे राज्य के पर्यटन स्थलों, होटल व्यवसाय, हस्तशिल्प, चाय उद्योग और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।
ईयू राजनयिकों की हालिया यात्रा और उनके सकारात्मक फीडबैक ने इस फैसले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इससे न केवल पर्यटन बल्कि व्यापार, निवेश और लोगों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान भी बढ़ेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 Jun 2026 11:50 PM IST












