अयोध्या में 'तिरंगा यात्रा' को लेकर भाजपा की बैठक, अवध के 15 जिलों में बड़े आयोजन की तैयारी
अयोध्या, 8 अगस्त (आईएएनएस)। अयोध्या के सर्किट हाउस में तिरंगा यात्रा को लेकर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों की अहम बैठक हुई। अवध के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सभी 15 जिलों में तिरंगा यात्रा को लेकर तैयारियों और कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
बैठक के बाद भाजपा नेता अवधेश द्विवेदी ने कहा कि तिरंगा यात्रा एक महाअभियान है। इसकी तैयारियों को लेकर जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की गई। यह कार्यक्रम अच्छे से हो, इसके लिए योजना बैठक की गई।
भाजपा नेता सरिता चौधरी ने आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि क्षेत्रीय अध्यक्ष ने तिरंगा यात्रा को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अवध क्षेत्र में आने वाले सभी 15 जिलों में तिरंगा यात्रा को लेकर व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जानी है। इसका उद्देश्य लोगों तक यह संदेश पहुंचाना है कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल के तौर पर ही काम नहीं करती, बल्कि उसके लिए राष्ट्रहित भी सर्वोपरि है।
सरिता चौधरी ने कहा कि तिरंगा यात्रा के जरिए पूरे अवध क्षेत्र और उत्तर प्रदेश की जनता के बीच देशभक्ति और राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को हर जिले में कार्यक्रमों के जरिए लोगों को जोड़ना है और यह बताना है कि देश और राष्ट्रहित उनके लिए सबसे पहले है।
उन्होंने बताया कि 9 अगस्त से लेकर 17 अगस्त तक प्रदेश के अलग-अलग जिलों में तिरंगा यात्रा और राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से घर-घर तक देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाने की तैयारी है।
सरिता चौधरी ने कहा कि 9 अगस्त को लखनऊ में भी एक बड़े तिरंगा यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें करीब 25 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके बाद स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त तक लगातार अलग-अलग जिलों में कार्यक्रम देखने को मिलेंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Aug 2026 5:43 PM IST












