आयुष मंत्रालय की पहल, योग मुद्रा को कैमरे में कैद करें और जीतें नकद पुरस्कार
नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। आयुष मंत्रालय ने 'योग मेरा गर्व' थीम के तहत एक विशेष फोटोग्राफी प्रतियोगिता शुरू की है, जिसमें देशभर के लोगों को योग की मुद्रा को कैमरे में कैद करने का अवसर दिया जा रहा है। इसकी जानकारी आयुष मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दी है।
इस प्रतियोगिता का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और उनकी रचनात्मकता को मंच प्रदान करना है।
इस पहल में प्रतिभागियों से अपील की गई है कि वे अपनी बेहतरीन योग मुद्राओं की तस्वीरें साझा करें। आयोजकों के अनुसार, “सिर्फ एक फोटो आपको विजेता बना सकती है,” जिससे प्रतियोगिता को लेकर युवाओं और फोटोग्राफी के शौकीनों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
प्रतियोगिता में विजेताओं के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार भी घोषित किए गए हैं। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 75,000 रुपए, द्वितीय स्थान पर 50,000 रुपए और तृतीय स्थान पर 25,000 रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा।
इच्छुक प्रतिभागी 20 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से सरकार का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाना और इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है।
निर्णय दो चरणों में किया जाएगा अर्थात् शॉर्टलिस्टिंग और अंतिम मूल्यांकन। स्क्रीनिंग समिति मानदंडों के अनुसार योग्य प्रतिभागियों की शॉर्टलिस्ट तैयार करेगी। अंतिम विजेताओं का चयन प्रमुख और प्रतिष्ठित योग विशेषज्ञों की समिति द्वारा किया जाएगा।
आयुष मंत्रालय की तरफ से बताया गया कि इच्छुक लोग माईगव के समर्पित कॉन्टेस्ट पेज पर जाएं, अपनी आवेदन श्रेणी चुनें और अपनी जानकारी भरें, जैसा कि भागीदारी फॉर्म में अनुरोध किया गया है। अपनी जानकारी अपलोड करें, नियम और शर्तें देखें, और सबमिट पर क्लिक करें। जानकारी जमा करने की अंतिम तिथि 20 अप्रैल 2026 है।
आयुष मंत्रालय अपने आधिकारिक चैनलों जैसे कि वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से परिणाम प्रकाशित करेगा और आगे के विवरण के लिए विजेताओं से संपर्क करेगा। प्रतियोगिता में जो भी बदलाव/अपडेट किए जाएंगे, उन्हें आयुष मंत्रालय के आधिकारिक संचार चैनलों, माईगव प्लेटफॉर्म और उनके आधिकारिक सोशल मीडिया चैनलों के जरिए प्रकाशित किया जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 April 2026 5:41 PM IST












