बच्ची का सौदा करने वाले गिरोह की महिला समेत तीन मानव तस्कर गिरफ्तार, 2.60 लाख में बेचने की थी साजिश
ग्रेटर नोएडा, 22 मार्च (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा से मानव तस्करी से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एएचटी (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) और बिसरख पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 10 दिन की नवजात बच्ची को बेचने की साजिश को नाकाम कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, नवजात बच्ची का सौदा करीब 2.60 लाख रुपए में तय किया गया था। बच्ची को एक दंपति को सौंपा जाना था लेकिन दंपति को इस लेनदेन पर शक हुआ। उन्होंने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत चाइल्ड लाइन को इसकी सूचना दे दी। सूचना मिलते ही संबंधित एजेंसियां सक्रिय हो गईं।
इसके बाद एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, बाल कल्याण समिति और बिसरख थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से जाल बिछाया। जब आरोपी महिला बच्ची को दिखाने के लिए लाई, उसी दौरान टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के बाद इस पूरे गिरोह का खुलासा हुआ और कुल तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त में शामिल था और जरूरतमंद या संतानहीन दंपतियों को निशाना बनाता था। इस कार्रवाई से एक बड़ी मानव तस्करी की वारदात टल गई है।
फिलहाल, बच्ची को सुरक्षित रूप से शेल्टर होम भेज दिया गया है, जहां उसकी देखभाल की जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। यह पूरा मामला बिसरख थाना क्षेत्र का है। पुलिस का कहना है कि आगे भी इस तरह के अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है जिससे इनके अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी की जा सके और गुमशुदा लोगों का पता लगाया जा सके।
उन्होंने बताया कि काफी दिनों से पुलिस की कई टीम इन्हें पकड़ने में जुटी हुई थी। मुखबिर की सूचना पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जल्द ही कई मामलों का खुलासा हो सकता है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में कई मामलों के खुलासे किए हैं। पता लगाया जा रहा है कि अब तक इन्होंने कहां-कहां बच्चों की तस्करी की है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 March 2026 11:07 AM IST












