सीएम योगी का दौरा, एयरपोर्ट तैयारियों का लेंगे जायजा
ग्रेटर नोएडा, 22 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज ग्रेटर नोएडा के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे, जहां वे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) की तैयारियों का निरीक्षण करेंगे। यह दौरा खास इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि आगामी 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस महत्वाकांक्षी एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर लगभग 2 बजे जेवर में बने अस्थायी हेलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद वे सीधे एयरपोर्ट परिसर पहुंचकर वहां चल रहे निर्माण कार्यों, सुरक्षा व्यवस्थाओं और अन्य तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे कार्यक्रम स्थल का भी जायजा लेंगे, जहां प्रधानमंत्री का उद्घाटन समारोह आयोजित होना है। साथ ही, मुख्यमंत्री प्रस्तावित रूट का भी निरीक्षण करेंगे, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि कार्यक्रम के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री एयरपोर्ट के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति, सुरक्षा प्रबंध, वीआईपी मूवमेंट और कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा मुख्यमंत्री स्थानीय जनप्रतिनिधियों, जिनमें सांसद और विधायक शामिल होंगे, के साथ भी बैठक करेंगे और उनकी राय लेंगे।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री लगभग दो घंटे तक एयरपोर्ट परिसर में रहेंगे। इस दौरान वे हर पहलू पर नजर रखते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे, ताकि उद्घाटन कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। अपने दौरे के समापन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम करीब 4 बजे गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस के लिए रवाना होंगे। वहां से वे लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के सबसे बड़े और आधुनिक एयरपोर्ट प्रोजेक्ट्स में से एक है, जिससे क्षेत्र में निवेश, रोजगार और कनेक्टिविटी को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री का यह दौरा इस परियोजना की तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में बेहद अहम माना जा रहा है।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 March 2026 12:00 PM IST












