बक्सर के डुमरांव में प्रीपेड पीएनजी गैस सेवा शुरू, अब पाइपलाइन से घरों तक पहुंचेगी रसोई गैस

बक्सर, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिवाली से पहले बक्सर जिले के डुमरांव के लोगों को घरेलू गैस आपूर्ति के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। डुमरांव की टेक्सटाइल कॉलोनी में प्रीपेड पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) सेवा की शुरुआत की गई है। इसके तहत पाइपलाइन के माध्यम से सीधे घरों की रसोई तक गैस पहुंचाई जाएगी। सेवा का विधिवत उद्घाटन बक्सर की जिलाधिकारी साहिला ने किया। इस पहल से उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की बुकिंग, डिलीवरी और उसे घर तक लाने-ले जाने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। प्रशासन और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की योजना आने वाले समय में इस सुविधा का विस्तार डुमरांव के अन्य इलाकों और फिर बक्सर शहर तक करने की है।
आईओसीएल के सीनियर मैनेजर अंकित कुमार ने बताया कि फिलहाल डुमरांव की टेक्सटाइल कॉलोनी में पांच घरों में पीएनजी कनेक्शन दिया गया है। कंपनी का लक्ष्य उन सभी घरों तक पाइपलाइन से गैस पहुंचाना है, जहां तकनीकी रूप से कनेक्शन देना संभव है और जो पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड के मानकों के अनुरूप हैं। पहले चरण में डुमरांव का काम पूरा किया जाएगा। इसके बाद बक्सर शहर में स्टील पाइपलाइन बिछाने की योजना है, ताकि वहां भी घरों तक पीएनजी की आपूर्ति की जा सके। उन्होंने बताया कि फिलहाल पाइपलाइन रानी सागर तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
उन्होंने दावा किया कि पीएनजी, एलपीजी सिलेंडर के मुकाबले अधिक सुरक्षित और सस्ता विकल्प है। उन्होंने कहा कि पीएनजी हवा से हल्की होती है, इसलिए रिसाव होने पर ऊपर की ओर उठती है और उचित वेंटिलेशन या खिड़की होने पर बाहर निकल सकती है। इससे दुर्घटना की आशंका कम हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि उपभोक्ताओं को अपनी जरूरत के मुताबिक गैस इस्तेमाल करने की सुविधा मिलेगी और बार-बार सिलेंडर बुक करने की परेशानी से छुटकारा मिल सकता है।
जिलाधिकारी साहिला ने कहा कि पीएनजी कनेक्शन की शुरुआत के साथ ही इस सुविधा के विस्तार की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने आईओसीएल के प्रतिनिधियों को कम समय में कनेक्शन स्थापित करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि तकनीकी रूप से उपयुक्त कुल 498 घरों में पीएनजी कनेक्शन दिए जा चुके हैं। उद्घाटन के अवसर पर एक घर में गैस की आपूर्ति शुरू कर इस सेवा का शुभारंभ किया गया। कनेक्शन पाने वाले लाभुकों को प्रमाणपत्र भी दिए गए। उन्होंने बताया कि अगले दो से तीन महीनों में डुमरांव क्षेत्र के लगभग एक हजार घरों तक पीएनजी कनेक्शन पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद बक्सर शहर में भी इस सुविधा के विस्तार की दिशा में काम किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि पीएनजी सेवा को धीरे-धीरे पूरे जिले तक पहुंचाया जाए। उन्होंने घरेलू कनेक्शन के साथ व्यावसायिक कनेक्शन को भी बढ़ावा देने की बात कही। जो कारोबारी पीएनजी कनेक्शन लेने में रुचि रखते हैं, वे इसके लिए आईओसीएल से आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पीएनजी के फायदे समझाने के लिए लगातार जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस सुविधा की उपयोगिता और सुरक्षा संबंधी पहलुओं को समझें तथा उपलब्ध होने पर कनेक्शन लेने पर विचार करें। सिलेंडर की बुकिंग, डिलीवरी और हर महीने गैस खत्म होने की चिंता से राहत मिलना इस व्यवस्था का बड़ा लाभ है। साथ ही, पाइपलाइन से नियमित आपूर्ति होने पर घरेलू कामकाज अधिक सुविधाजनक हो सकता है।
गृहिणी पूजा झा ने पीएनजी सेवा शुरू होने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि पहले हर महीने गैस सिलेंडर की बुकिंग, डिलीवरी और सिलेंडर खत्म होने की चिंता बनी रहती थी। अब उन्हें इस परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। पीएनजी से खर्च कम लग रहा है। पहले सिलेंडर पर खाना बनाने में जितना समय लगता था, उसकी तुलना में अब खाना कुछ जल्दी तैयार हो जाता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
