'बल्लेबाजों ने काम आसान कर दिया', सीएसके के खिलाफ जीत के बाद बोले भुवनेश्वर कुमार

बल्लेबाजों ने काम आसान कर दिया, सीएसके के खिलाफ जीत के बाद बोले भुवनेश्वर कुमार
आईपीएल 2026 के 11वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रविवार को एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 43 रनों से हराया। आरसीबी की जीत में भुवनेश्वर कुमार ने गेंद से अहम भूमिका निभाई। भुवनेश्वर ने कहा कि बल्लेबाजों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए काफी हद तक काम आसान कर दिया।

बेंगलुरु, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 11वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रविवार को एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 43 रनों से हराया। आरसीबी की जीत में भुवनेश्वर कुमार ने गेंद से अहम भूमिका निभाई। भुवनेश्वर ने कहा कि बल्लेबाजों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए काफी हद तक काम आसान कर दिया।

सीएसके के खिलाफ मिली जीत के बाद भुवनेश्वर ने कहा, "जिस तरह से हमने बल्लेबाजी की उससे चीजें आसान हो गईं। हालांकि, जब हमने गेंदबाजी की, तो कुछ गेंदें रुककर आईं और अचानक कुछ ऐसे शॉट्स लगे, जिनसे लगा कि यह बल्लेबाजी के लिए एक अच्छा विकेट है। हालांकि, फिर भी हम अपनी बुनियादी बातों पर टिके रहे, जिनके बारे में हमने बात की थी। मेरा मतलब है कि हम पिछले साल से ही इस बारे में बात कर रहे हैं। हम अपने प्लान पर टिके रहे।" भुवनेश्वर कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए आयुष म्हात्रे, प्रशांत वीर और नूर अहमद का विकेट अपने नाम किया। उन्होंने 4 ओवर के स्पेल में 41 रन देकर 3 विकेट निकाले।

भुवनेश्वर ने गेंद को पिच पर पटकने के प्लान को लेकर कहा, "हां, मैंने ऐसा किया। इसका कारण मुझे लगता है कि विकेट से ज्यादा मैदान था। इसलिए मुझे क्रैम्प भी हो रहे थे। मुझे लगता है कि इसी वजह से मैंने अपनी योजना को सरल रखा। सबसे अच्छी बात यह है कि हम अपनी बुनियादी बातों पर टिके हुए हैं, जिनके बारे में हम मीटिंग में बात करते हैं, खासकर किसी विरोधी टीम के खिलाफ। मैंने जैसा पहले भी कहा कि यह बचाव करने या गेंदबाजी करने के लिए कोई बहुत बड़ा मैदान नहीं है, लेकिन जिस तरह से हम चीजें कर रहे हैं, जिस तरह से हम तैयारी कर रहे हैं, मुझे लगता है कि उसका नतीजा अच्छा निकल रहा है।"

भुवनेश्वर कुमार ने टिम डेविड की धमाकेदार पारी की भी जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि डेविड की पारी को देखकर हम यह नहीं समझ पा रहे थे कि खुश हों या फिर चिंतित, क्योंकि दूसरी पारी में हमें भी गेंदबाजी करनी थी। टिम डेविड ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए महज 25 गेंदों में 70 रनों की नाबाद पारी खेली। उन्होंने अपनी तूफानी पारी में 3 चौके और 8 छक्के लगाए। वहीं, देवदत्त पडिक्कल ने 29 गेंदों में 50 रन बनाए, जबकि कप्तान रजत पाटीदार ने 19 गेंदों में नाबाद 48 रन बनाए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 April 2026 11:56 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story