नई दिल्ली में सेंट किट्स और नेविस के विदेश मंत्री डेन्जिल डगलस का स्वागत, भारत में उच्चायोग का करेंगे उद्घाटन
नई दिल्ली, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। नई दिल्ली में सेंट किट्स और नेविस के विदेश मंत्री डेन्जिल डगलस का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। यह दौरा दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों को मजबूत करने और द्विपक्षीय सहयोग को नई दिशा देने की दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।
विदेश मंत्रालय प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ''सेंट किट्स और नेविस के विदेश मंत्री डेन्जिल डगलस का नई दिल्ली आगमन पर हार्दिक स्वागत है। यह यात्रा हमारे दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक संबंधों को मजबूत करने और सहयोग का विस्तार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अपनी इस यात्रा के दौरान, भारत में सेंट किट्स और नेविस के उच्चायोग का भी उद्घाटन किया जाएगा।''
डेन्जिल डगलस 3 से 8 अप्रैल तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं।
सेंट किट्स और नेविस के विदेश मंत्री डेन्जिल डगलस सोमवार को दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेंगे। वे 7 अप्रैल को दोपहर एक बजे हैदराबाद हाउस में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ बैठक करेंगे। इसके अगले दिन 8 अप्रैल को उनकी वापसी होगी।
डगलस सेंट किट्स और नेविस की राजनीति में एक अनुभवी नेता हैं, जिन्होंने कई दशकों से देश की सेवा की है।
उन्होंने 1995 से 2015 तक संघ के दूसरे प्रधानमंत्री के रूप में सेवा की। 2022 में उन्हें फिर से सरकार में शामिल किया गया और वे विदेश, अंतरराष्ट्रीय व्यापार, उद्योग, वाणिज्य, उपभोक्ता मामलों और निवेश के मंत्री नियुक्त हुए।
विदेश मंत्री के रूप में वे कई अंतरराष्ट्रीय बैठकों और सहयोग कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं, जिसमें भारत सहित विश्व के विभिन्न देशों के साथ सहयोग बढ़ाने के प्रयास शामिल हैं।
इससे पहले डेन्जिल डगलस ने अगस्त 2024 में भारत का दौरा किया था।
उस दौरान विदेश मंत्री ने सेंट किट्स और नेविस के विदेश मंत्री की मेजबानी की थी। दोनों मंत्रियों ने रक्षा एवं सुरक्षा, स्वास्थ्य व फार्मा, स्टाफ प्रशिक्षण, अक्षय ऊर्जा, कृषि एवं खाद्य सुरक्षा, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को साझा करने और विकास सहयोग समेत कई मुद्दों पर विचार-विमर्श किया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 April 2026 11:52 PM IST











