बलिया में बिजली तार चोरी करने वाले गैंग से मुठभेड़, 7 आरोपी गिरफ्तार
बलिया, 2 अप्रैल, (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में पुलिस और चोरों के बीच मुठभेड़ हुई। सहतवार और बांसडीह थाने की पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बिजली तार चोरी के मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ल ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए गुरुवार तड़के सहतवार और बांसडीह थाना प्रभारी द्वारा टीम के साथ ग्राम अकबरपुर में चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान दो चार पहिया वाहन समर्थपार की तरफ से आते दिखाई दिए, जिन्हें पुलिस ने रुकने का इशारा किया। इसके बाद दोनों गाड़ी बैक होने लगीं।
पुलिस ने घेराबंदी की तो वाहन में सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें टिंकू शाह और शमीम अंसारी को दाहिने पैर में गोली लगी। इसके साथ ही भाग रहे 5 बदमाशों को पुलिस ने घेरकर पकड़ लिया। इनकी पहचान अरविंद यादव (गाजीपुर), मन्नू कुमार साह, रोहन कुमार पाण्डेय, फिरोज खान और अभिषेक उर्फ अंशु गौड़ के रूप में हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के दौरान बदमाशों ने बताया कि 26-27 की रात को अकबरपुर और 30 मार्च की रात में ग्राम दुधौला में ट्रांसफर के सामान और बिजली के 11 खंभों से तार चोरी किए हैं।
घायल बदमाशों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भर्ती कराया गया है। घायल बदमाशों के पास से 2 तमंचा 315 बोर, 2 खोखा और 2 कारतूस बरामद हुए। इसके साथ ही दो गाड़ी भी बरामद हुई है। पिकअप वाहन में चोरी के बिजली के तार और दूसरे वाहन में चोरी करने के उपकरण बरामद हुए हैं। अन्य पांचों आरोपियों के पास से चाकू मिला है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार सभी चोर जब बिजली कट जाती थी, तब दोनों वाहनों से पहुंचकर बिजली का तार काट ले जाते थे। चोरों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार इनाम की घोषणा एसपी द्वारा की गई है। इस मामले में आगे की जांच जारी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 April 2026 8:51 AM IST












