Share Market Opening Bell: गिरावट के साथ हुई शेयर बाजार की शुरुआत, सेंसेक्स 1300 अंकों से अधिक लुढ़का, निफ्टी 22290 के नीचे खुला

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय शेयर बाजार (Share Market) कारोबारी सप्ताह के चौथे दिन (02 अप्रैल 2026, गुरुवार) गिरावट के साथ खुला। इस दौरान प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) दोनों ही लाल निशान पर रहे। आज बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 1,314.02 अंक यानि कि 1.80 प्रतिशत गिरकर 71,820.30 के स्तर पर खुला।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 399.35 अंक यानि कि 1.76 प्रतिशत गिरकर 22,280.05 के स्तर पर खुला।
शुरुआती कारोबार के दौरान करीब 1914 शेयरों में गिरावट देखने को मिली, वहीं 559 शेयरों में बढ़त रही, जबकि 128 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी की कंपनियों में सन फार्मा, इंटरग्लोब एविएशन, अदानी पोर्ट्स, श्रीराम फाइनेंस और इटरनल के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे।
प्री-ओपनिंग सेशन में बेंचमार्क इंडेक्स गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए। इस दौरान सेंसेक्स 411.57 अंक यानि कि 0.56 प्रतिशत गिरकर 72,722.75 पर और निफ्टी 258.30 अंक यानि कि 1.14 प्रतिशत गिरकर 22,421.10 पर था।
बात करें भारतीय रुपया की तो गुरुवार की सुबह इसमें बीते 1 रुपए 58 पैसे की बढ़त देखने को मिली और यह 93.25 प्रति डॉलर पर खुला। जबकि, सोमवार को यह 94.83 पर बंद हुआ था।
आपको बता दें कि, बीते कारोबारी दिन (01 अप्रैल 2026, मंगलवार) बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई थी। इस दौरान सेंसेक्स 1,689.29 अंक यानि कि 2.35 प्रतिशत ऊपर 73,636.84 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 508.25 अंक यानि कि 2.28 प्रतिशत ऊपर 22,839.65 के स्तर पर खुला था।
जबकि, शाम को भी बाजार बढ़त के साथ ही बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स 1186.77 अंक यानि कि 1.65 प्रतिशत ऊपर 73,134.32 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 348.00 अंक यानि कि 1.56 प्रतिशत ऊपर 22,679.40 के स्तर पर बंद हुआ था।
Created On :   2 April 2026 9:59 AM IST












