बांकीपुर उपचुनाव भाजपा ने प्रचार में झोंकी पूरी ताकत, बड़े नेताओं ने संभाला मोर्चा

बांकीपुर उपचुनाव भाजपा ने प्रचार में झोंकी पूरी ताकत, बड़े नेताओं ने संभाला मोर्चा
बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनाव प्रचार को पूरी तरह से धार दे दी है। एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने गुरुवार को विभिन्न इलाकों में जनसंपर्क और सामाजिक बैठकों के जरिए मतदाताओं से समर्थन मांगा।

पटना, 23 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनाव प्रचार को पूरी तरह से धार दे दी है। एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने गुरुवार को विभिन्न इलाकों में जनसंपर्क और सामाजिक बैठकों के जरिए मतदाताओं से समर्थन मांगा।

भाजपा ने चुनाव प्रचार के लिए प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के नेताओं को मैदान में उतारकर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

चुनाव प्रचार कार्यक्रम के तहत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने यारपुर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर, राजधानी मार्केट में आयोजित सामाजिक बैठक को संबोधित किया।

वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने सब्जी बाग चौराहा और मैनपुरा रोड गेट नंबर-38 में जनसंपर्क और सामाजिक बैठकों के माध्यम से लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

इसके अलावा, बिहार सरकार के मंत्री नितेश मिश्रा ने अंजूजा सोसायटी में सामाजिक बैठक की। मेयर सीता साहू और उपमेयर रेशमी चंद्रवंशी ने चीना कोठी, गोलघर में लोगों से संपर्क किया। पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, मंत्री रामकृपाल यादव और पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने गांधी मैदान स्थित शक्ति केंद्र में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की।

भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने करबिगहिया वेलकम कम्युनिटी हॉल में जनसभा तथा साईंपथ, चांदपुर बेला में जनसंपर्क अभियान चलाया। वहीं धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. रणवीर नंदन ने श्रीकृष्ण निकेतन, दुजरा बुद्धा कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया।

उधर, बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा भी चुनाव प्रचार में उतरे और भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा, "विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार पर जनता पूरा विश्वास जता रही है। हम जनता से आग्रह करते हैं कि अराजकता फैलाने वाली मानसिकता से बिहार को बचाने और विकास की निरंतरता बनाए रखने के लिए कमल के निशान पर मतदान करें।"

भाजपा का दावा है कि बांकीपुर की जनता विकास, सुशासन और स्थिर नेतृत्व के पक्ष में मतदान करेगी तथा एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाएगी। 30 जुलाई को होने वाले मतदान से पहले सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है।

भाजपा, जन सुराज और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) इस सीट पर अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। भाजपा ने इस सीट से नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है।

वहीं, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पहली बार किसी चुनाव में उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे हैं। दूसरी ओर, राजद ने रेखा गुप्ता को अपना प्रत्याशी बनाया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 July 2026 8:38 PM IST

Tags

Next Story