गंगा किनारे अतिक्रमण हटाने का सुप्रीम कोर्ट का आदेश, बिहार सरकार को छह हफ्तों की समयसीमा

गंगा किनारे अतिक्रमण हटाने का सुप्रीम कोर्ट का आदेश, बिहार सरकार को छह हफ्तों की समयसीमा
सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार को पटना में गंगा नदी के किनारे नौजर घाट से नूरपुर घाट तक हुए सभी गैरकानूनी कब्जों और अतिक्रमण को हटाने का आदेश दिया है। कोर्ट ने राज्य सरकार को यह कार्रवाई छह हफ्तों के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

नई दिल्ली, 23 जुलाई (आईएएनएस)। सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार को पटना में गंगा नदी के किनारे नौजर घाट से नूरपुर घाट तक हुए सभी गैरकानूनी कब्जों और अतिक्रमण को हटाने का आदेश दिया है। कोर्ट ने राज्य सरकार को यह कार्रवाई छह हफ्तों के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि तय समय सीमा के अंदर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी होनी चाहिए। कोर्ट ने अगली सुनवाई तक एक जिम्मेदार अधिकारी को हलफनामा दाखिल कर कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।

कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी हाई कोर्ट या जिला अदालत ने अतिक्रमण हटाने के खिलाफ कोई अंतरिम रोक लगा रखी है, तब भी सुप्रीम कोर्ट का यह आदेश लागू रहेगा। राज्य सरकार को हर हाल में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करनी होगी।

सुप्रीम कोर्ट ने चेतावनी दी कि आदेश के पालन में किसी भी तरह की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।

सुप्रीम कोर्ट ने देश के सभी राज्यों को गंगा नदी के किनारे हुए अतिक्रमण की जानकारी उपलब्ध कराने का आखिरी मौका दिया है। कोर्ट ने कहा कि जो राज्य निर्धारित समय में जानकारी नहीं देंगे, उनके मुख्य सचिवों को अदालत में तलब किया जा सकता है।

इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ने वृंदावन में यमुना नदी के किनारे चल रहे निर्माण कार्यों से जुड़ी दो याचिकाओं पर भी सुनवाई की। कोर्ट ने सभी संबंधित पक्षों को नोटिस जारी करते हुए 23 सितंबर तक विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यह मामला गंभीर है, क्योंकि निर्माण कार्यों के कारण वृंदावन में यमुना नदी का प्राकृतिक बहाव प्रभावित हो सकता है और नदी का रास्ता संकरा हो सकता है।

नदी के प्राकृतिक प्रवाह को बनाए रखने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने अगली सुनवाई तक यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया है। साथ ही यमुना किनारे किसी भी नए निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 July 2026 9:19 PM IST

Tags

Next Story