'बतौर कप्तान पहली जीत पर बेहद खुश हूं', भारतीय कप्तान अय्यर ने वैभव-मयंक को सराहा

बतौर कप्तान पहली जीत पर बेहद खुश हूं, भारतीय कप्तान अय्यर ने वैभव-मयंक को सराहा
वैभव सूर्यवंशी के तूफानी अर्धशतक की मदद से भारत ने जिम्बाब्वे के विरुद्ध टी20 सीरीज के पहले मैच को 7 विकेट से अपने नाम किया। जीत के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने वैभव के साथ 'प्लेयर ऑफ द मैच' मयंक यादव को भी सराहा है।

हरारे, 23 जुलाई (आईएएनएस)। वैभव सूर्यवंशी के तूफानी अर्धशतक की मदद से भारत ने जिम्बाब्वे के विरुद्ध टी20 सीरीज के पहले मैच को 7 विकेट से अपने नाम किया। जीत के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने वैभव के साथ 'प्लेयर ऑफ द मैच' मयंक यादव को भी सराहा है।

गुरुवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने 7 विकेट खोकर 125 रन बनाए, जिसके जवाब में भारत ने 13.2 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया।

टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बतौर कप्तान आठवें मुकाबले में पहली जीत हासिल करने के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा, "शानदार। हमारी टीम ने अपनी योजनाओं पर बेहतरीन तरीके से अमल किया। मैं कप्तान के तौर पर अपनी पहली जीत हासिल करने पर बेहद खुश हूं। मुझे इस विकेट से अतिरिक्त उछाल की उम्मीद थी और खासकर हार्ड लेंथ पर अच्छी बाउंस देखने को मिली। शुरुआत में विकेट थोड़ा असमान व्यवहार भी कर रहा था। मुझे लगता है कि दोनों पारियों में ऐसा देखने को मिला।"

तेज गेंदबाज मयंक यादव ने मैच की पहली ही गेंद पर ब्रायन बेनेट (0) का विकेट निकाला। इसके बाद डियन मायर्स (6) का विकेट भी हासिल किया। मयंक ने मुकाबले में कुल 4 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 18 रन देकर 2 विकेट निकाले।

24 वर्षीय खिलाड़ी की तारीफ में अय्यर ने कहा, "मयंक ने हमें जिस तरह शुरुआत दिलाई, वह शानदार थी। उन्होंने अपनी लाइन और लेंथ पर बेहतरीन नियंत्रण रखा और बल्लेबाजों को खुलकर रन बनाने का मौका नहीं दिया। यह हमारे लिए बेहद अहम था। इसके बाद पावरप्ले में वैभव ने आकर हमें शानदार शुरुआत दिलाई।"

मेजबान जिम्बाब्वे ने महज 32 रन तक अपने 4 विकेट गंवा दिए थे। इसके बावजूद टीम ने 20 ओवरों में स्कोर 125/7 तक पहुंचा दिया। जब कप्तान से पूछा गया कि क्या यह चिंता की बात है कि भारतीय टीम जिम्बाब्वे को थोड़ा पहले ऑलआउट नहीं कर सकी, तो इसके जवाब में अय्यर ने कहा, "हर टीम में कोई न कोई बल्लेबाज होता है जो पारी को संभालते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाता है। मुझे लगता है कि उन्होंने विकेट को अच्छी तरह समझा और फिर साझेदारियां कीं। उस समय मैं अपने गेंदबाजों को रोटेट करना चाहता था, ताकि सभी को अच्छी लय मिल सके, क्योंकि हमें यहां अभी दो और मैच खेलने हैं। हर खिलाड़ी को गेंदबाजी और बल्लेबाजी का मौका मिलना उनके आत्मविश्वास के लिए भी काफी महत्वपूर्ण होता है।"

वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 साल और 118 दिन की उम्र में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक लगाया। इस किशोर सलामी बल्लेबाज ने गुरुवार को हरारे में 19 गेंदों का सामना करते हुए 8 बाउंड्री के साथ 50 रन बनाए।

वैभव के पहले अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक पर खुशी जताते हुए कप्तान ने कहा, "वैभव ने कमाल की बल्लेबाजी की। वह निडर युवा खिलाड़ी हैं और जिस अंदाज में उसने अपनी पारी खेली, वह शानदार थी। वह यहां पहले भी खेल चुके हैं, इसलिए उन्हें इन विकेटों की अच्छी समझ है। मेरा ख्याल है कि उन्होंने अंडर-19 फाइनल में 175 रन बनाए थे, इसलिए मैदान पर उतरते समय उसके अंदर भरपूर आत्मविश्वास रहता है। उन्हें इस तरह बल्लेबाजी करते देखना अच्छा लगा। सीरीज की यह शानदार शुरुआत रही।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 July 2026 9:19 PM IST

Tags

Next Story