'बस चुराई, शहरभर दौड़ाई… और आखिर में डिवाइडर से टकराई', पुणे में सनसनीखेज मामला

बस चुराई, शहरभर दौड़ाई… और आखिर में डिवाइडर से टकराई, पुणे में सनसनीखेज मामला
रोजमर्रा की भागदौड़ से भरे पुणे शहर में शुक्रवार को एक अजीब और चौंकाने वाली घटना सामने आई सीधे पीएमपीएमएल बस ही चोरी हो गई! कुछ समय के लिए शहर की यातायात व्यवस्था और नागरिकों की धड़कनें बढ़ा देने वाले इस मामले पर आखिरकार पुलिस ने समय रहते काबू पाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुणे, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। रोजमर्रा की भागदौड़ से भरे पुणे शहर में शुक्रवार को एक अजीब और चौंकाने वाली घटना सामने आई सीधे पीएमपीएमएल बस ही चोरी हो गई! कुछ समय के लिए शहर की यातायात व्यवस्था और नागरिकों की धड़कनें बढ़ा देने वाले इस मामले पर आखिरकार पुलिस ने समय रहते काबू पाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब ढाई बजे पीएमसी–वाघोली–पीएमसी रूट की बस डिपो में खड़ी थी। चालक को दूसरी बस में ड्यूटी लगने के कारण उसने चाबी बस में ही छोड़ दी और वहां से चला गया। इसी मौके का फायदा उठाकर एक अज्ञात व्यक्ति बस में घुसा और बस लेकर फरार हो गया।

इसके बाद शुरू हुआ एक रोमांचकारी सफर… आरोपी ने बस को डेक्कन इलाके में घुमाते हुए नटराज पुल तक पहुंचाया और वहां से गुडलक चौक की ओर रॉन्ग साइड में बस चलाने लगा। सड़क पर अचानक सामने से आती बस को देखकर वाहन चालक और पैदल यात्री घबरा गए। कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इस बीच, नियंत्रण खोने के कारण बस डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर जमा लोगों ने चालक को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।

इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त कृषीकेश रावले ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि बस चालक ने चाबी अंदर ही छोड़ दी थी, जिसका फायदा उठाकर एक व्यक्ति बस लेकर चला गया। नटराज पुल से गुडलक कैफे तक उसने रॉन्ग साइड में गाड़ी चलाई। इससे सड़क पर बाधाएं उत्पन्न हुईं और अंत में बस डिवाइडर से टकरा गई। सौभाग्य से इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ है।

आगे उन्होंने बताया कि आरोपी की गाड़ी चलाने की शैली देखकर उसका मानसिक संतुलन बिगड़ा हुआ नहीं लगता। फिर भी उसकी मेडिकल जांच कराई जाएगी। इस मामले में डेक्कन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

इस पूरी घटना से कुछ समय के लिए शहर में डर और भ्रम की स्थिति जरूर पैदा हुई, लेकिन पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। एक छोटी सी लापरवाही से हुई यह घटना शहर के लिए एक बड़ा सबक बनकर सामने आई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   25 April 2026 10:40 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story