बेमौसम बारिश से किसानों पर संकट, गेहूं की फसल को भारी नुकसान
चंडीगढ़/अमेठी, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। देश के कई हिस्सों में हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर रबी की मुख्य फसल गेहूं को भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
पंजाब के साहिबजादा अजीत सिंह नगर के खरड़ इलाके में हालात बेहद खराब हैं। यहां लगातार हो रही बारिश से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। एक किसान ने आईएएनएस से बताया कि उसकी 10 से 12 एकड़ जमीन प्रभावित हुई है और अगर अगले 2 से 4 दिनों तक बारिश जारी रही, तो नुकसान और बढ़ सकता है। खेतों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे हालात और गंभीर हो गए हैं।
वहीं, संगरूर के एक किसान ने बताया कि बेमौसम बारिश और तेज हवाओं के कारण करीब 70 प्रतिशत फसल खराब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने जमीन लीज पर ली है, उनके लिए यह स्थिति और भी मुश्किल है, क्योंकि उन्हें जमीन का किराया भी देना है। फसल बर्बाद होने से नुकसान बढ़ गया है और किसानों पर कर्ज का बोझ भी बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार से मुआवजे की मांग की है।
बरनाला में भी ओलावृष्टि और बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। किसान हरदीप सिंह ने कहा, "बहुत बड़ा नुकसान हुआ है।" वहीं, किसान लखबीर सिंह ने भी बताया कि फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है और हालात बेहद चिंताजनक हैं।
उत्तर प्रदेश के अमेठी में भी बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने तबाही मचा दी है। यहां खड़ी फसलें जमीन पर गिर गई हैं और कटी हुई फसल भी पानी में भीगकर खराब हो गई है। एक किसान ने बताया, "मेरी गेहूं की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है, साथ ही सरसों की फसल भी नष्ट हो गई है।"
एक अन्य किसान ने कहा कि नुकसान बहुत ज्यादा हुआ है, सारी फसलें पानी में गिरकर खराब हो गई हैं। उन्होंने सरकार से मदद की अपील करते हुए कहा कि अगर सरकार से कुछ सहायता मिल जाए, तो किसानों को राहत मिल सकती है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 April 2026 1:13 PM IST












