बेन करन का शतक, जिम्बाब्वे ने बांग्लादेश को दिया 248 रन का लक्ष्य
हरारे, 9 जुलाई (आईएएनएस)। जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के बीच दूसरा वनडे हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने सलामी बल्लेबाज बेन करन की शतकीय पारी की बदौलत 247 रन बनाए हैं।
जिम्बाब्वे के लिए ब्रायन बेनेट और बेन करन पारी की शुरुआत करने उतरे थे। टीम को पहला झटका शून्य पर लगा, जब बेनेट बिना खाता खोले तस्कीन अहमद की गेंद पर बोल्ड हो गए। इनोसेंट काइया के रूप में दूसरा विकेट 8 और क्रेग इरविन के रूप में टीम को तीसरा झटका 32 के स्कोर पर लगा। काइया 4 और इरविन 9 रन बनाकर आउट हो गए। चौथे विकेट के लिए वेस्ले माधेवेरे (15) के साथ करन ने 34 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 66 तक पहुंचाया।
66 के स्कोर पर 4 विकेट गंवाकर मुश्किल में फंसी जिम्बाब्वे को करन ने अनुभवी सिकंदर रजा के साथ मिलकर संभाला और पांचवें विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 134 तक पहुंचाया। रजा 53 गेंदों पर 33 रन बनाकर आउट हुए। छठा विकेट भी 148 के स्कोर पर गिर गया, जब माडाने 4 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद करन और आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए ब्रैड इवांस ने जिम्बाब्वे को कोई झटका नहीं लगने दिया और टीम का स्कोर 50 ओवर में 6 विकेट पर 247 रन तक पहुंचा दिया।
पारी की शुरुआत करने आए बेन करन, अंत तक नाबाद रहे और 135 गेंदों पर 9 चौके लगाते हुए 111 रन बनाकर लौटे। इवांस ने विस्फोटक अर्धशतक लगाया। वह 38 गेंदों पर 2 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 58 रन बनाकर नाबाद रहे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 July 2026 5:20 PM IST












