भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी को घेरा, देश से माफी मांगने की उठाई मांग

भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी को घेरा, देश से माफी मांगने की उठाई मांग
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के विदेश दौरे के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था पर दिए गए बयान को लेकर भाजपा नेताओं ने उन पर निशाना साधा है। भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी पर विदेश में जाकर भारत की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता होने के नाते राहुल गांधी को देश के विकास और सरकार के कामकाज पर सकारात्मक चर्चा करनी चाहिए, न कि विदेश में देश को बदनाम करना चाहिए।

नई दिल्ली, 18 नवंबर (आईएएनएस)। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के विदेश दौरे के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था पर दिए गए बयान को लेकर भाजपा नेताओं ने उन पर निशाना साधा है। भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी पर विदेश में जाकर भारत की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता होने के नाते राहुल गांधी को देश के विकास और सरकार के कामकाज पर सकारात्मक चर्चा करनी चाहिए, न कि विदेश में देश को बदनाम करना चाहिए।

बिहार सरकार में मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि राहुल गांधी के बारे में कुछ भी कहना बेकार है। वे हमेशा अधूरी जानकारी लेकर आते हैं, ताकि भारत माता के बच्चों को नीचा दिखा सकें। जब भी वे विदेश जाते हैं, तो ऐसा माहौल बनाने की कोशिश करते हैं, जिससे भारत का मनोबल गिरे। बिहार और देश की जनता उनकी इस मानसिकता को देख रही है और सही समय आने पर इसका करारा जवाब देगी।

भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने कहा कि राहुल गांधी देश में लोगों के सामने अपने मुद्दों को ठीक से नहीं रख पाए हैं। अब वे विदेश जाकर देश की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। इससे देश को नुकसान होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश में जाकर देश की संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करते हैं, जबकि जीडीपी और विकास के आंकड़े बताते हैं कि भारत बेहतर प्रदर्शन कर रहा है।

उन्होंने कहा कि देश की जनता राहुल गांधी को माफ नहीं करेगी। राजनीति करते समय देश को बदनाम नहीं करना चाहिए। अपनी बात रखने के लिए विदेश से लोगों को बुलाना ओछी मानसिकता को दर्शाता है।

गुप्ता ने राहुल गांधी को उन चार राज्यों में अपनी पार्टी की सरकारों के कामकाज पर भी ध्यान देने की सलाह दी, जहां कांग्रेस सत्ता में है। रोहन गुप्ता ने कहा कि वोट चोरी का मुद्दा उठाने वाले राहुल गांधी अब तक अपने आरोपों के समर्थन में ठोस सबूत नहीं दे पाए हैं। देश की जनता सब कुछ देख रही है।

बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है और देश तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में राहुल गांधी किस नजरिए से देश की प्रगति को देखते हैं, यह समझ से परे है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश जाकर जिस तरह से अपनी बात रखते हैं, उससे भारत की छवि धूमिल होती है। देश की जनता इसे कभी माफ नहीं करेगी। विपक्ष के नेता होने के नाते राहुल गांधी को केंद्र सरकार के कार्यों और नीतियों पर चर्चा करनी चाहिए, न कि विदेश में जाकर भारत और यहां के लोगों का अपमान करना चाहिए। डॉ. प्रेम कुमार ने राहुल गांधी से देश की जनता से माफी मांगने की मांग की।

भाजपा सांसद मयंक नायक ने कहा कि राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता हैं और उन्हें देश के भीतर अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलता है। देश की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी को लगातार तीन बार अपना आशीर्वाद दिया है और केंद्र में एनडीए की सरकार बनी है। इसके बावजूद राहुल गांधी कथित तौर पर राजनीतिक बौखलाहट में देश की 140 करोड़ जनता का अपमान कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और लगातार प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए सरकार कई प्रयास कर रही है। युवाओं को सरकारी गारंटी के साथ ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे केवल रोजगार पाने वाले ही नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले भी बन सकें। राहुल गांधी को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। विदेश में जाकर देश के बारे में जिस तरह की बातें कही जा रही हैं, वे निंदनीय हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story