मुनक नहर के किनारे भव्य छठ घाट का उद्घाटन, नितिन नवीन ने कहा- यमुना को स्वच्छ बनाने के निरंतर प्रयास जारी

नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति में मुनक नहर के दोनों किनारों पर 11 किलोमीटर लंबे भव्य छठ घाट का उद्घाटन किया। साथ ही, सिंगलपुर रोड के चौड़ीकरण कार्य को भी दिल्लीवासियों को समर्पित किया गया।
यह दिल्ली के पूर्वांचली समाज के लिए बड़ी सौगात है। वर्षों से लंबित मांग को पूरा करते हुए दिल्ली सरकार ने छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस वर्ष भी छठ महापर्व के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं, ताकि प्रत्येक परिवार श्रद्धा, सम्मान और सुविधा के साथ पर्व मना सके।
इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि आज मेरे लिए भी विशेष दिन है। कल से छठ का महापर्व शुरू हो रहा है और इस महापर्व से ठीक पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री एवं सेवाभाव से कार्य करने वाली बहन रेखा गुप्ता ने सभी छठ व्रतियों, सनातन प्रेमियों और पूर्वांचलवासियों को एक बहुत बड़ा तोहफा दिया है। मुनक नहर के 11 किलोमीटर लंबे हिस्से का छठ व्रतियों के लिए विकास एक बड़ा परिवर्तन लेकर आया है।
पूर्व की सरकारों का जिक्र करते हुए नवीन ने कहा कि यहां पूर्व की सरकारें अपने लिए शीशमहल बनवाने में लगी थीं। उन्हें यमुना नदी को सुरक्षित और स्वच्छ बनाने की कोई चिंता नहीं थी। वे गरीबों के पैसे से सिर्फ अपने लिए शीशमहल खड़े कर रही थी। लेकिन आज हमारी सरकार गरीबों तक आयुष्मान योजना से लेकर आवास तक, हर बुनियादी सुविधा पहुंचाने का काम कर रही है। साथ ही, यमुना नदी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए भी निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि एक समय था, जब भारतीय सनातन परंपराओं और संस्कृति पर सवाल उठाए जाते थे। यहां तक कि कुछ लोगों ने प्रभु श्रीराम के अस्तित्व पर भी सवाल खड़े किए। ऐसे लोग गंगा मैया, यमुना मैया और छठी मैया की महिमा को क्या समझेंगे? उनके लिए ये महज नदी का जल और पोखर हो सकते हैं, लेकिन हमारे लिए ये आस्था, पूजा और आराधना का विषय हैं। छठ पूजा समाज में शुद्धता, स्वच्छता और सामूहिकता का प्रतीक है। यह पर्व परिवार और सामाजिक एकता का परिचय देता है, जहां ऊंच-नीच का कोई भेदभाव नहीं होता।
उन्होंने कहा कि छठ पूजा सहित भारत के सभी पर्व-त्योहारों और सांस्कृतिक परंपराओं को पीएम मोदी के नेतृत्व में भव्यता और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। छठ पूजा के इस पवित्र पर्व को हम एक अनुष्ठान के रूप में मनाते हैं। यह पर्व हमें पूरे वर्ष ऊर्जा और शक्ति प्रदान करता है। छठ का महापर्व प्रकृति की उपासना का पर्व है। इसमें हम भगवान सूर्य की आराधना करते हैं और डूबते एवं उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं।
नवीन ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी सरकार में लिए गए संकल्पों को पूरा करने का कार्य किया है, उसी प्रकार दिल्ली सरकार भी पिछले 20 महीनों में लिए गए संकल्पों को सिद्धि तक पहुंचाने के लिए निरंतर काम कर रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
