खाली लॉकर देखकर हैरान रह गए रिटायर्ड आईएएस अधिकारी, भोपाल में एसबीआई की शाखा से कीमती सामान गायब

खाली लॉकर देखकर हैरान रह गए रिटायर्ड आईएएस अधिकारी, भोपाल में एसबीआई की शाखा से कीमती सामान गायब
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेस्ट मैनेजमेंट (आईआईएफएम) परिसर में मौजूद स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की शाखा में, गुरुवार सुबह एक रिटायर्ड वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एपी श्रीवास्तव को उस समय बड़ा झटका लगा, जब उन्होंने अपना बैंक लॉकर खोला और उसे पूरी तरह खाली पाया।

भोपाल, 12 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेस्ट मैनेजमेंट (आईआईएफएम) परिसर में मौजूद स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की शाखा में, गुरुवार सुबह एक रिटायर्ड वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एपी श्रीवास्तव को उस समय बड़ा झटका लगा, जब उन्होंने अपना बैंक लॉकर खोला और उसे पूरी तरह खाली पाया।

इस लॉकर को अधिकारी अपनी दो बेटियों, सुरभि और श्रुति के साथ संयुक्त रूप से (जॉइंट होल्डर के तौर पर) इस्तेमाल करते थे। उन्होंने लॉकर खोलने में दिक्कत आने पर बैंक अधिकारियों से संपर्क किया था, क्योंकि उनके अनुसार लॉकर का ताला 'जाम' हो गया था।

उन्होंने आईएएनएस से ​​बातचीत में बताया कि वे अपनी बेटी सुरभि के साथ बैंक शाखा पहुंचे और बैंक अधिकारियों को चाबियां सौंप दीं। जब आखिरकार लॉकर खोला गया, तो वह पूरी तरह खाली था और उसमें रखा सारा कीमती सामान गायब था।

रिटायर्ड अधिकारी ने कहा, "मैं हैरान रह गया। लॉकर पूरी तरह खाली था। सब कुछ गायब है।"

उन्होंने आगे बताया कि 2024 के बाद से इस लॉकर का इस्तेमाल नहीं किया गया था।

शाखा प्रबंधक हरीश मेहरा ने इस घटना की पुष्टि की। मेहरा ने कहा, "ये हमारे बैंक के एक सम्मानित ग्राहक हैं। वे आए थे और उन्हें लॉकर खोलने में परेशानी हो रही थी। बाद में लॉकर खोला गया, तो उसके अंदर कुछ भी नहीं मिला।"

हरीश मेहरा ने आगे कहा कि हो सकता है कि ग्राहक भूल गए हों कि उन्होंने लॉकर में क्या रखा था, या फिर उनका कीमती सामान किसी दूसरे बैंक लॉकर में रखा हो। हालांकि, अभी तक इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।

पुलिस को सूचित कर दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

कमला नगर पुलिस थाना क्षेत्र की जांच अधिकारी निरूपा पांडे ने बताया कि मामले की जांच चल रही है और हर पहलू को खंगाला जा रहा है।

निरूपा पांडे ने कहा, "अधिकारी की ओर से अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है।"

सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ने मामले की गहन जांच और गायब हुए सामान की बरामदगी की मांग की है। बैंक अधिकारियों ने जांच में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है।

जांच आगे बढ़ने के साथ ही और जानकारी सामने आने की उम्मीद है। इस घटना से शाखा के अन्य लॉकर धारकों के बीच चिंता पैदा हो गई है। उनमें से कई अब सुरक्षा इंतजामों को लेकर स्पष्टीकरण मांग रहे हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story