भारत आएंगे बेल्जियम के पीएम बार्ट डी वेवर, प्रधानमंत्री मोदी के साथ होगी द्विपक्षीय वार्ता
नई दिल्ली, 1 सितंबर (आईएएनएस)। बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर 2 से 4 सितंबर 2026 तक आधिकारिक दौरे पर भारत आएंगे। पिछले साल फरवरी में पदभार ग्रहण करने के बाद यह बार्ट डी वेवर की पहली भारत यात्रा होगी। इस यात्रा के दौरान पीएम बार्ट डी वेवर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, बुधवार 2 सितंबर 2026 को बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर शाम 7:30 बजे दिल्ली पहुंचेंगे। उनका आगमन एएफएस पालम में होगा। अगले दिन 3 सितंबर 2026, गुरुवार को सुबह 11:10 बजे, पीएम बार्ट डी वेवर राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
इसके बाद सुबह 11:30 बजे उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक होगी। विदेश मंत्रालय के अनुसार, बैठक में बार्ट डी वेवर और पीएम मोदी द्विपक्षीय संबंधों के पूरे आयाम के साथ-साथ आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
दोपहर 12:55 बजे हैदराबाद हाउस में दोनों देशों के बीच विभिन्न समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान किया जाएगा, जिसके बाद दोनों नेता प्रेस वक्तव्य जारी करेंगे। शाम 4:30 बजे प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर हयात रीजेंसी होटल में आयोजित सीआईआई कार्यक्रम में भाग लेंगे।
अगले दिन 4 सितंबर को सुबह 9:30 बजे प्रधानमंत्री बार्ट डे वेवर दिल्ली से मुंबई के लिए रवाना होंगे, जहां उनके विभिन्न कार्यक्रम निर्धारित हैं। मुंबई में निर्धारित कार्यक्रमों के बाद वह रात 11:00 बजे भारत से प्रस्थान करेंगे।
भारत की इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर के साथ बेल्जियम के रक्षा मंत्री थियो फ्रैंकेन भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल होंगे।
विदेश मंत्रालय ने बताया, "यह यात्रा भारत-बेल्जियम साझेदारी को और मजबूत करने और व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा, कनेक्टिविटी और लोगों के बीच संबंधों सहित आपसी हित के क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने के साथ-साथ भारत-यूरोपीय संघ और भारत-यूरोप संबंधों को और गहरा करने का अवसर प्रदान करेगी।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 Sept 2026 12:59 PM IST












