भरतपुर भ्रष्टाचार पर भाजपा को घेरते हुए पूर्व सांसद राम किशन शर्मा बोले, बदलाव जरूरी
भरतपुर, 7 सितंबर (आईएएनएस)। राजस्थान में पूर्व सांसद राम किशन शर्मा ने भाजपा पर निशाना साधा और नगर निकाय चुनावों में मतदाताओं से इंडिया गठबंधन का समर्थन करने की अपील की।
पंडित राम किशन शर्मा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "ये चुनाव कोई आम चुनाव नहीं हैं। वैसे तो हर चुनाव खास होता है, लेकिन हाल के वर्षों में हो रहे चुनाव इसलिए भी अहम हैं, क्योंकि लोगों में जागरूकता और समझ बढ़ी है और संचार के साधन भी बदले हैं। इसलिए ये चुनाव कई मायनों में बहुत कुछ कह रहे हैं। इस संदर्भ में मैं बस एक बात कहना चाहता हूं कि चुनावों के साथ-साथ भ्रष्टाचार भी बढ़ रहा है और यह चुनावी प्रक्रिया की पवित्रता को खत्म कर रहा है। इन सबके बाद मतदाता सोच में पड़ जाता है। क्या ये सचमुच चुनाव हैं या हमें भ्रष्टाचार की नदी में डुबोया जा रहा है?"
उन्होंने कहा कि अगर जनता को भ्रष्टाचार में डूबना है तो दूसरे तरीके से चुनाव करें और सुधार करना है तो दूसरे तरीके से सोचें। मैं ये नहीं कहता कि कौन सी पार्टी गड़बड़ कर रही है। करीब-करीब सब अपने हिसाब से गड़बड़ कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी की जिम्मेदारी यह है कि भ्रष्टाचार को कम करे। पुरानी पार्टियों को गाली देने से काम नहीं चलने वाला है। जिन पार्टियों ने गलती की उनकी सजा उनको मिली है। मैं उम्मीद करता हूं कि अगर वे दोबारा सत्ता में आती हैं तो सुधार दिखेगा। सत्तारूढ़ पार्टी खासकर भारतीय जनता पार्टी भ्रष्टाचार को बढ़ाने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि जिन नेताओं को भाजपा भ्रष्टाचारी घोषित कर देती है, बाद में उन्हें ही सरकार में शामिल कर लेती है। भाजपा दलबदल करने वालों को गाली देती है और बाद में उनको अपने दल में शामिल कर लेती है। इससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता है। मनमोहन सरकार में भ्रष्टाचार पर कार्रवाई करते हुए लालू यादव पर केस किया गया। अब भाजपा बता दे कि भारतीय जनता पार्टी में एक भी भ्रष्टाचारी नहीं है क्या?
उन्होंने कहा कि अबकी बार भारतीय जनता पार्टी को पराजित करना चाहिए और कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन को वोट देना चाहिए। यह मेरी नाराजगी नहीं, बल्कि इस आशा से कह रहा हूं कि पीएम मोदी का बहुमत है। अगर वह भ्रष्टाचार मिटाने की कोशिश करें तो उनको शुरुआत करनी चाहिए।
राम किशन ने कहा कि दूसरा मुद्दा यह है कि यह कह रहे हैं कि आदर्श सिटी और आदर्श कारपोरेशन बनाएंगे। मैं जानकारी देना चाहता हूं कि उदयपुर, अजमेर और बीकानेर में कई साल से भाजपा का कारपोरेशन है। डबल इंजन की सरकार है, आज वह बता दें कि 50 साल में अगर एक भी कारपोरेशन को आदर्श बना पाए हों।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में मेरा सुझाव है कि अगर यहां इंडिया गठबंधन का कारपोरेशन बनता है तो लंबे-चौड़े वादों के बजाए हर मोहल्ले के लिए घोषणा पत्र तय करे। भाजपा अभिमान में है इसीलिए किसी भी सुझाव पर बात करने के लिए तैयार नहीं है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Sept 2026 5:47 PM IST












