भोपाल इटारसी में 44 लाख रुपए के चांदी के आभूषणों के साथ दो युवक हिरासत में

भोपाल इटारसी में 44 लाख रुपए के चांदी के आभूषणों के साथ दो युवक हिरासत में
पश्चिम मध्य रेल के भोपाल रेल मंडल के इटारसी स्टेशन पर दो युवकों को 44 लाख रुपए के चांदी के आभूषणों के साथ पकड़ा गया है। युवक भोपाल के निवासी बताए जा रहे हैं। युवकों के पास से 18.894 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं।

भोपाल, 23 जुलाई (आईएएनएस)। पश्चिम मध्य रेल के भोपाल रेल मंडल के इटारसी स्टेशन पर दो युवकों को 44 लाख रुपए के चांदी के आभूषणों के साथ पकड़ा गया है। युवक भोपाल के निवासी बताए जा रहे हैं। युवकों के पास से 18.894 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं।

रेलवे परिसर एवं ट्रेनों में संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा "ऑपरेशन सतर्क" अभियान चलाया जा रहा है।

आरपीएफ इटारसी के सहायक उप निरीक्षक संतोष कुमार मिश्रा एवं आरक्षक जसवंत सिंह द्वारा गश्त के दौरान ट्रेन संख्या 22177 मुंबई-बनारस महानगरी एक्सप्रेस के सामान्य कोच में दो व्यक्तियों को भारी बैगों के साथ संदिग्ध अवस्था में देखा गया। संदेह होने पर उनके बैगों की जांच की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण पाए गए।

पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्ति उक्त आभूषणों के संबंध में कोई वैध बिल अथवा अन्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके पश्चात दोनों व्यक्तियों को आरपीएफ पोस्ट इटारसी लाकर विस्तृत पूछताछ की गई। उन्होंने अपना नाम लकी रजवानी एवं राकेश जाट निवासी भोपाल बताया।

जांच के दौरान उनके कब्जे से कुल 18.894 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 44 लाख आंकी गई। पूछताछ में दोनों व्यक्तियों ने बताया कि वे भोपाल स्थित बसंत सोनी के यहां कार्यरत हैं तथा उक्त चांदी के आभूषण भोपाल से पिपरिया सप्लाई हेतु ले जा रहे थे।

दोनों व्यक्तियों एवं बरामद चांदी के आभूषणों को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी इटारसी के सुपुर्द किया गया। जीआरपी इटारसी द्वारा मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 July 2026 7:37 PM IST

Tags

Next Story