बिहार भगवान भास्कर की नगरी देव में छठ की भव्य तैयारी, सूर्य मंदिर में उमड़ेगी आस्था, श्रद्धालुओं के लिए इंतजाम

औरंगाबाद, 12 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के औरंगाबाद जिले की ऐतिहासिक और पौराणिक नगरी देव एक बार फिर लोक आस्था के महापर्व छठ के स्वागत के लिए तैयार हो रही है। भगवान भास्कर को समर्पित प्रसिद्ध देव सूर्य मंदिर में कार्तिक छठ के अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंदिर परिसर से लेकर सूर्यकुंड और रुद्रकुंड तक साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। देव सूर्य मंदिर अपनी विशिष्ट वास्तुकला और धार्मिक महत्ता के लिए देशभर में प्रसिद्ध है।
मंदिर की सबसे खास विशेषता इसका पश्चिममुखी होना है, जबकि सामान्यतः सूर्य मंदिर पूर्वमुखी होते हैं। पत्थरों पर की गई बारीक नक्काशी और भव्य शिल्पकला इसकी विशिष्ट पहचान है। मान्यता है कि इस मंदिर का इतिहास हजारों वर्ष पुराना है। छठ के अवसर पर यहां श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देने और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए पहुंचते हैं। इस दौरान पूरी देव नगरी छठी मैया के जयकारों और भक्ति के रंग में रंग जाती है।
जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के नेतृत्व में प्रशासन श्रद्धालुओं के ठहरने से लेकर स्वास्थ्य, सुरक्षा और परिवहन तक की व्यवस्था करने में जुटा है। जिलाधिकारी ने बताया कि बाहर से आने वाले छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए 10 आवासन स्थलों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा देव थाना के समीप तथा भास्कर नगर के वार्ड संख्या चार में टेंट सिटी का निर्माण कराया जा रहा है। यहां श्रद्धालुओं के लिए गद्दे, फोल्डिंग बेड, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, पर्याप्त प्रकाश और सुरक्षा की व्यवस्था की जा रही है।
श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए देव मोड़ से प्रखंड कार्यालय तथा माले नगर से बहुआरा मोड़ तक निशुल्क परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को मंदिर और मेला क्षेत्र तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। सूर्यकुंड में अर्घ्य के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ की टीम और गोताखोर तैनात रहेंगे।
इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर एनसीसी के जवानों की भी प्रतिनियुक्ति की जाएगी। स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत मेला क्षेत्र में एंबुलेंस, चिकित्सकों, मेडिकल टीम और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था रहेगी। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल चिकित्सा और अन्य सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व के देव छठ मेले में आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि देव सूर्य मंदिर के अलावा जिले के 305 अन्य घाटों पर भी छठ महापर्व को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से देव सूर्य मंदिर और जिले के अन्य घाटों पर पहुंचकर श्रद्धा और भक्ति के साथ छठ महापर्व मनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन औरंगाबाद श्रद्धालुओं के स्वागत और उनकी सेवा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। इसके बाद 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। उषा अर्घ्य के बाद व्रती पारण करेंगे और इसी के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
--आईएएनएस
एमएनपी/एएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
