बिहार छठ घाटों का निरीक्षण करने पहुंचे सीएम सम्राट चौधरी, बोले- महापर्व पर किसी को परेशानी नहीं हो, इसके लिए प्रशासन कर रहा काम

पटना, 10 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार में लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को पटना में गंगा नदी के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारी का जायजा लिया। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री के मंत्रिमंडल के अन्य सहयोगी भी मौजूद रहे।
सीएम सम्राट चौधरी ने घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि लगातार दूसरे दिन छठ महापर्व की तैयारियों की समीक्षा की गई है। लोगों से मिल रहे सुझावों के आधार पर जिला प्रशासन लगातार काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि पटना में कुल 103 छठ घाटों में से 90 पूरी तरह सुरक्षित हैं, जबकि 13 घाटों को खतरनाक या अनुपयोगी के रूप में चिह्नित किया गया है। राज्य सरकार और जिला प्रशासन इन घाटों को लेकर समुचित व्यवस्था कर रहे हैं, ताकि छठ पर्व के दौरान किसी भी श्रद्धालु को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। मुख्यमंत्री ने दूसरे प्रदेशों के लोगों से भी बिहार आकर छठ महापर्व देखने और इसकी परंपरा को समझने की अपील की। उन्होंने कहा कि छठ बिहार का अपना पर्व है और दूसरे राज्यों के लोगों को भी इस महापर्व में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
बता दें कि छठ महापर्व बिहार के अलावा झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों और विदेशों में भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना की जाती है। इस दौरान व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए करीब 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखते हैं। इस महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी।
इसके बाद 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। उषा अर्घ्य के बाद व्रती पारण करेंगे और इसी के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। बिहार में छठ को लेकर घाटों की सफाई, रोशनी, सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त करने का काम तेजी से किया जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
