पहला टेस्ट, दूसरा दिन पाकिस्तान ने 434/9 के स्कोर पर घोषित की पारी, श्रीलंका ने गंवाए 3 विकेट

रावलपिंडी, 10 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में जारी टेस्ट सीरीज के पहले मैच में अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। पहली पारी 434/9 के स्कोर पर घोषित करने के बाद पाकिस्तान ने दूसरे दिन की समाप्ति तक श्रीलंका के 3 विकेट हासिल कर लिए हैं। मेहमान टीम के खाते में फिलहाल 114 रन हैं।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी पाकिस्तानी टीम को अजान ओवैस और तैय्यब आरिफ की सलामी जोड़ी ने दमदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 86 रन की साझेदारी की। अजान 30 रन बनाकर आउट हुए। कुछ देर बाद तैय्यब (57) भी पवेलियन लौट गए।
पाकिस्तान ने 90 के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए थे, जिसके बाद मोहम्मद ताहा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने कप्तान बाबर आजम (50) के साथ तीसरे विकेट के लिए 69 रन और सऊद शकील (93) के साथ चौथे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 227 के स्कोर तक पहुंचाया।
पाकिस्तान ने 253 रन तक अपना पांचवां विकेट खो दिया था। यहां से सऊद शकील ने गाजी गोरी (48) के साथ छठे विकेट के लिए 96 रन जुटाए और अराफात मिन्हास (52) के साथ 44 रन जुटाकर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया। सऊद शकील 9 चौकों के साथ 93 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
विपक्षी खेमे से असिथा फर्नांडो और दिलशान मधुशंका ने 3-3 विकेट अपने नाम किए, जबकि लाहिरू कुमारा, मिलन रत्नायके और सोनल दिनुषा को 1-1 विकेट हाथ लगा।
इसके जवाब में, श्रीलंका ने दिन की समाप्ति तक 27.1 ओवरों का सामना किया और 3 विकेट गंवाकर 114 रन बनाए। इस टीम ने 12 के स्कोर तक 2 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद कामिंदु मेंडिस ने लाहिरू उदारा के साथ तीसरे विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 65 रन तक पहुंचाया।
लाहिरू 52 गेंदों में 7 चौकों के साथ 42 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद कामिंदु मेंडिस (नाबाद 40) ने धनंजय डी सिल्वा (नाबाद 22) के साथ 49 रन की अटूट साझेदारी करते हुए श्रीलंका को शतक के पार पहुंचाया। मेजबान टीम से साकिब खान ने 2 विकेट अपने नाम कर लिए हैं, जबकि मोहम्मद अब्बास को 1 विकेट हाथ लगा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
