'बिहार दिवस' पर सीएम नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिखे पत्र का दिया जवाब, जताया आभार

बिहार दिवस पर सीएम नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिखे पत्र का दिया जवाब, जताया आभार
'बिहार दिवस' के मौके पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिखे पत्र का सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी खत के जरिये जवाब दिया है। उन्होंने बिहार दिवस के दिन पत्र के जरिये बधाई देने के लिए पीएम मोदी का आभार जताते हुए कहा कि आपके शब्दों से बिहार के प्रति आपका लगाव एवं विश्वास स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।

पटना, 23 मार्च (आईएएनएस)। 'बिहार दिवस' के मौके पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिखे पत्र का सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी खत के जरिये जवाब दिया है। उन्होंने बिहार दिवस के दिन पत्र के जरिये बधाई देने के लिए पीएम मोदी का आभार जताते हुए कहा कि आपके शब्दों से बिहार के प्रति आपका लगाव एवं विश्वास स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।

सीएम नीतीश कुमार ने पत्र के जरिये बताया कि वर्ष 2010 में पहली बार बिहार दिवस का आयोजन किया गया और तब से लगातार हम लोग 22 मार्च को 'बिहार दिवस' मनाते आ रहे हैं। बिहार की स्थापना के 100 वर्ष पूरा होने के अवसर पर वर्ष 2012 को बिहार शताब्दी वर्ष के रूप में मनाया गया। मुख्यमंत्री ने बिहार के गौरवशाली इतिहास की चर्चा करते हुए पत्र में कहा कि भारत के इतिहास में बिहार को शक्ति, संस्कृति एवं शिक्षा के प्रतीक के रूप में जाना जाता रहा है। बिहार ज्ञान एवं मोक्ष की भूमि है। बिहार की पावन धरती विभिन्न धर्मों की हृदय स्थली रही है।

उन्होंने तीन पन्ने वाले पत्र में बिहार के मौर्य साम्राज्य और चाणक्य की चर्चा की तो आर्यभट्ट, नालंदा विश्वविद्यालय एवं विक्रमशिला विश्वविद्यालय का उल्लेख भी किया। बिहार के गौरवशाली इतिहास में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, लोकनायक जयप्रकाश, जननायक कर्पूरी ठाकुर जैसे महान व्यक्तित्वों के अतुलनीय योगदान का भी पत्र में जिक्र किया।

उन्होंने बिहार में एनडीए सरकार का उल्लेख करते हुए बताया कि हमारी कोशिश बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और इसके गौरवशाली अतीत को पुनः स्थापित करने की है। 24 नवंबर, 2005 को पहली बार एनडीए की सरकार बनी थी, तब से राज्य में कानून का राज है और न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर हर क्षेत्र और हर वर्ग के लिए काम किया गया है।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कई विकास योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए कहा कि बिहार के विकास में केंद्र सरकार का लगातार सहयोग मिल रहा है। हाल ही में राज्य को विशेष आर्थिक सहायता के रूप में सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन विकास, बाढ़ नियंत्रण, बिहार में मखाना बोर्ड की स्थापना, नए एयरपोर्ट के विकास तथा पश्चिमी कोसी नहर के लिए वित्तीय सहायता जैसे अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं।

सीएम नीतीश ने पत्र में यह भी रेखांकित किया कि आप लगातार बिहार आते रहते हैं, जो बिहार के प्रति आपके विशेष लगाव को दर्शाता है। उन्होंने अपने पत्र के जरिये यह भी बताया कि बिहार के लोग देश-दुनिया के हर कोने में अपने परिश्रम और प्रतिभा के बल पर अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।

उन्होंने पीएम मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के समय की सराहना करते हुए पत्र में लिखा है, "आपने बिहारवासियों को पूरा सम्मान और अपनापन दिया, उनकी मेहनत को सराहा तथा उनको परिवार की तरह अपनाया। आज देश के प्रधानमंत्री के रूप में भी बिहार के प्रति आपका वही गहरा स्नेह, आदर और लगाव है।"

नीतीश कुमार ने पत्र में भरोसा देते हुए कहा कि आपके मार्गदर्शन एवं सहयोग से बिहार के कर्मठ एवं प्रतिभाशाली लोग निश्चित रूप से राज्य और देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। मुख्यमंत्री ने देश के इतिहास में सरकार के प्रमुख के रूप में सर्वाधिक समय तक राज्य एवं केंद्र की जिम्मेदारियों को निभाने के लिए भी पीएम मोदी को बधाई दी है और उनके स्वस्थ जीवन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 March 2026 5:27 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story