बिहार फालका में पुलिस हिरासत में युवक की मौत, नाराज लोगों ने किया थाने का घेराव
कटिहार, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में कटिहार जिले के फालका थाना पुलिस की हिरासत में एक युवक कैलू यादव उर्फ राकेश यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। यह खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई और ग्रामीण और युवक के परिजन थाने के सामने उग्र हो गए। सैकड़ों लोगों ने थाने का घेराव कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
परिजनों के अनुसार, तीन दिन पहले कैलू यादव को नशीले पदार्थ (स्मैक) बेचने और सेवन करने के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया था। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने कैलू यादव के साथ थाने में बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि मारपीट के कारण उसके शरीर में अंदरूनी चोटें लगीं, जिनकी वजह से उसने दम तोड़ दिया। परिजन का कहना है कि अगर वह अपराधी था, तो उसे अदालत में पेश किया जाता, लेकिन पुलिस ने उसे पीट-पीटकर जान से मार दिया।
युवक की मौत की खबर जैसे ही फैली इलाके में तनाव का माहौल बन गया। ग्रामीण और मृतक के परिजन सड़कों पर उतर आए और थाने का घेराव कर दिया। इस बीच पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। लोग लगातार नारेबाजी कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
परिजन न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए और उन्हें उचित मुआवजा मिले। परिजन ने सवाल उठाया कि पुलिस को किसी को पीट-पीटकर मारने का अधिकार किसने दिया।
युवक के पीड़ित परिजन ने कहा, "मेरे भतीजे को पुलिस ने मार डाला। अगर उसने गुनाह किया था तो उसे अदालत ले जाते, लेकिन उसे पीट-पीटकर जान से मारने का हक पुलिस को किसने दिया?"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 April 2026 1:53 PM IST












