बिहार के सभी जिलों में चलेगा भाजपा का प्रशिक्षण अभियान, हर कार्यकर्ता बनेगा विचारधारा का दूत सम्राट चौधरी
पटना, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। कार्यकर्ताओं का सतत प्रशिक्षण ही संगठन को मजबूती प्रदान करता है और उन्हें विचारधारा के प्रति और अधिक प्रतिबद्ध बनाता है।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने में प्रशिक्षण महाभियान की महत्वपूर्ण भूमिका है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान–2026 के अंतर्गत प्रदेश प्रशिक्षण योजना को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत भाजपा संगठन के सभी 52 जिलों में व्यापक स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे हर स्तर के कार्यकर्ताओं को वैचारिक एवं संगठनात्मक रूप से सशक्त किया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक प्रभावी रूप से पहुंचाएं, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक इन योजनाओं का लाभ सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता केवल एक राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त वाहक है। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और जनसेवा की भावना का विकास होता है, जो संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाता है।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लें और पार्टी की नीतियों एवं सिद्धांतों को समाज के अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने के साथ-साथ सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा प्रशिक्षण की विस्तृत योजना पर भी चर्चा की गई। वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने भी अपने विचार साझा किए और प्रशिक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए सुझाव दिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 April 2026 9:18 PM IST












