सियासी सरगर्मी: उद्धव ठाकरे चुनाव मैदान में नहीं उतरे तो कांग्रेस उतारेगी अपना उम्मीदवार!, शिवसेना उद्धव गुट प्रमुख से मुलाकात में सपकाल ने रखी बात

उद्धव ठाकरे चुनाव मैदान में नहीं उतरे तो कांग्रेस उतारेगी अपना उम्मीदवार!, शिवसेना उद्धव गुट प्रमुख से मुलाकात में सपकाल ने रखी बात
  • राज्यसभा में मौका नहीं मिला, अब समर्थन
  • तीनों दल मिलकर लेंगे फैसला

Mumbai News. महाराष्ट्र में विधान परिषद चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। राज्य में 10 सीटों के लिए 12 मई को मतदान होना है। चुनाव से पहले सभी राजनीतिक दल उम्मीदवारों के चयन को लेकर रणनीति बनाने में जुटे हैं। महाविकास आघाड़ी में भी इसे लेकर लगातार बैठकों और चर्चाओं का दौर जारी है। इस बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने गुरुवार को शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे से उनके घर मातोश्री पर मुलाकात की। सूत्रों का कहना है कि सपकाल ने उद्धव के समक्ष प्रस्ताव रखा है कि अगर वह खुद चुनाव लड़ते हैं तो कांग्रेस उनका समर्थन करेगी। लेकिन अगर उद्धव खुद चुनाव में खड़े नहीं होते है तो फिर कांग्रेस अपना उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारेगी।

तीनों दल मिलकर लेंगे फैसला

सपकाल ने उद्धव से मुलाकात के बाद कहा कि महाविकास आघाड़ी के तीनों घटक दलों के बीच संवाद हुआ है और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के साथ-साथ भविष्य की चुनौतियों पर भी चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि जल्द ही तीनों दल एक साथ बैठकर विधान परिषद चुनाव को लेकर अंतिम निर्णय लेंगे। उद्धव ठाकरे की उम्मीदवारी पर सपकाल ने साफ संकेत दिए कि उद्धव ठाकरे को विधान परिषद चुनाव लड़ना चाहिए, इस पर कांग्रेस और राकांपा (शरद) की सहमति है। उन्होंने कहा कि ठाकरे महाविकास आघाड़ी का प्रमुख चेहरा हैं और अगर वे विधान परिषद में जाते हैं तो यह खुशी की बात होगी।

राज्यसभा में मौका नहीं मिला, अब समर्थन

उन्होंने यह भी कहा कि राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस को मौका नहीं मिल पाया था, लेकिन अब पार्टी चाहती है कि उद्धव ठाकरे विधान परिषद में जाएं। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अंतिम फैसला सामूहिक बैठक के बाद ही लिया जाएगा। इससे पहले राकांपा (शरद) सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर उद्धव ठाकरे को विधान परिषद चुनाव लड़ने की सलाह दी थी। अब सभी की नजरें आघाडी की संयुक्त बैठक पर टिकी हैं, जहां इस पर अंतिम मुहर लग सकती है।

Created On :   23 April 2026 10:20 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story