दावेदारी: मातोश्री पर तेज लॉबिंग, विधान परिषद में ठाकरे के नहीं उतरने की स्थिति में कईयों ने ठोकी दावेदारी

मातोश्री पर तेज लॉबिंग, विधान परिषद में ठाकरे के नहीं उतरने की स्थिति में कईयों ने ठोकी दावेदारी
  • सबसे बड़ा सवाल - उद्धव ठाकरे की जगह कौन
  • विधान परिषद में ठाकरे के नहीं उतरने की स्थिति में कई ने ठोकी दावेदारी
  • उद्धव ठाकरे पर भी दबाव

Mumbai News. राज्य विधान परिषद चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। महाविकास आघाड़ी के हिस्से में आई एकमात्र सीट के लिए मातोश्री पर जबरदस्त लॉबिंग शुरू है। खास बात यह है कि शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे अगर खुद चुनाव मैदान में नहीं उतरते हैं, तो पार्टी के भीतर कई चेहरे अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुट गए हैं। सूत्रों के मुताबिक पार्टी की ओर से जो तीन नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं, उनमें सुषमा अंधारे, वैभव नाईक और पूर्व विपक्ष नेता अंबादास दानवे का नाम शामिल है।

सुषमा अंधारे सबसे आगे?

विधान परिषद की इस सीट के लिए सुषमा अंधारे का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। खबर है कि उन्होंने मातोश्री पर सक्रिय लॉबिंग शुरू कर दी है और अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए शीर्ष नेतृत्व से संपर्क साधा है। उद्धव ठाकरे के मैदान में नहीं उतरने की स्थिति में अंधारे की दावेदारी इसलिए भी मजबूत मानी जा रहे है क्योंकि सत्ता पक्ष को जवाब देने में उनका नाम शीर्ष पर आता है।

नाईक और दानवे भी रेस में

दूसरी ओर पूर्व विधायक वैभव नाईक और पूर्व विपक्ष नेता अंबादास दानवे भी पीछे नहीं हैं। दोनों नेताओं ने अपने-अपने स्तर पर समर्थन जुटाना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि उद्धव गुट के वरिष्ठ नेताओं के जरिए अपनी बात उद्धव तक पहुंचाई जा रही है। इस एकमात्र सीट को लेकर बुधवार को मातोश्री पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उद्धव से मुलाकात की और विधान परिषद चुनाव की रणनीति बनाई।

उद्धव ठाकरे पर भी दबाव

पार्टी के कई वरिष्ठ नेता चाहते हैं कि उद्धव ठाकरे खुद ही विधान परिषद जाएं। लेकिन अगर वे चुनाव नहीं लड़ते हैं, तो इस एक सीट पर मुकाबला और दिलचस्प हो जाएगा। ऐसे में महाविकास आघाडी में राजनीतिक समीकरण बदलने की संभावना भी जताई जा रही है। क्योंकि कांग्रेस ने उद्धव के चुनाव मैदान में नहीं उतरने की स्थिति में अपना उम्मीदवार उतारने का ऐलान किया है। विधान परिषद चुनाव के लिए 12 मई को मतदान होगा और उसी दिन नतीजे घोषित किए जाएंगे।

Created On :   22 April 2026 10:11 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story