'बिहार को गरीब बनाने का क्रेडिट लालू यादव को जाता है', तेजस्वी के बयान पर चिराग पासवान का पलटवार

बिहार को गरीब बनाने का क्रेडिट लालू यादव को जाता है, तेजस्वी के बयान पर चिराग पासवान का पलटवार
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राजद नेता तेजस्वी यादव के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि वे दूसरे राज्य में जाकर बिहार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं, बिहार की जनता इसका भी हिसाब लेगी।

पटना, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राजद नेता तेजस्वी यादव के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि वे दूसरे राज्य में जाकर बिहार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं, बिहार की जनता इसका भी हिसाब लेगी।

केरल विधानसभा चुनाव के दौरान तेजस्वी यादव ने बिहार को गरीब राज्य बताया। इस बयान को लेकर एनडीए के नेताओं ने तेजस्वी पर बिहार की छवि को धूमिल करने का आरोप लगाया है।

पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव दूसरे राज्यों में जाकर चुनावी फायदे के लिए अपने ही राज्य की छवि खराब कर रहे हैं। अगर उन्हें दूसरे राज्यों में जाकर यह बताना है कि बिहार सबसे गरीब राज्य है, तो उन्हें यह भी बताना चाहिए था कि बिहार को गरीब बनाए रखने के लिए कौन जिम्मेदार था। उन्हें यह बताना चाहिए था कि उनकी पार्टी, उनका परिवार और 90 के दशक में राजद का शासन इसके लिए जिम्मेदार हैं।

उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को शर्म आनी चाहिए कि वे दूसरे राज्यों में बिहार के बारे में ऐसी राय रखते हैं। इनके शासन की वजह से बिहार की एक बड़ी आबादी को प्रदेश से पलायन करना पड़ा। जो लोग बिहार को दूसरे राज्यों में बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं, बिहार की बदहाली के लिए भी यही लोग जिम्मेदार हैं।

चिराग पासवान ने कहा कि उन्हें शर्म आनी चाहिए। बिहार के लोग भी उनकी बातों को सुन रहे हैं। विधानसभा चुनाव 2025 में उनके इस तरह के बेतुके बयानों की वजह से उन्हें नकार दिया गया था। आने वाले दिनों में बिहार की जनता उनके बयान का हिसाब लेगी।

सीएम नीतीश कुमार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कद, अनुभव और वरिष्ठता को ध्यान में रखते हुए, न तो केंद्र सरकार और न ही बिहार में शपथ लेने वाली नई सरकार, नीतीश कुमार के मान-सम्मान और प्रतिष्ठा के साथ किसी भी तरह का समझौता करेगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 April 2026 9:12 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story