बिहार में हड़ताली अंचल एवं राजस्व अधिकारियों को उपमुख्यमंत्री की चेतावनी, नौकरी पर पड़ेगा असर

बिहार में हड़ताली अंचल एवं राजस्व अधिकारियों को उपमुख्यमंत्री की चेतावनी, नौकरी पर पड़ेगा असर
बिहार सरकार ने राज्य में हड़ताल पर गए अंचल अधिकारियों एवं राजस्व अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शुक्रवार की शाम तक काम पर वापस नहीं लौटने वालों की नौकरी ब्रेक होगी और पदोन्नति की संभावना भी खत्म होगी।

पटना, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार सरकार ने राज्य में हड़ताल पर गए अंचल अधिकारियों एवं राजस्व अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शुक्रवार की शाम तक काम पर वापस नहीं लौटने वालों की नौकरी ब्रेक होगी और पदोन्नति की संभावना भी खत्म होगी।

उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को कहा कि राज्य में हड़ताल पर गए अंचल अधिकारियों एवं राजस्व अधिकारियों के प्रतिनिधियों के साथ उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर लगातार संवाद की प्रक्रिया जारी है। अब तक उनके प्रतिनिधियों से छह बार वार्ता कर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान निकालने का प्रयास किया गया है। विभाग के प्रधान सचिव सीके अनिल के द्वारा समाधान के लगातार प्रयास किए गए।

उन्होंने कहा कि अंचल अधिकारी और राजस्व अधिकारी राजस्व विभाग के परिवार का अभिन्न अंग हैं और उनकी परेशानी दूर करना पहली प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से बुधवार को रात नौ बजे तक उनके साथ विस्तृत वार्ता की गई।

उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करने को तैयार है, लेकिन जो मांगें विभागीय या नीतिगत कारणों से पूरी नहीं की जा सकतीं, उन पर अडिग रहना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग दबाव की राजनीति कर रहे हैं, जो समाधान का रास्ता नहीं है। राज्य में सत्ता परिवर्तन का इंतजार करना भारी पड़ेगा। सरकार पहले भी एनडीए की थी, आज भी एनडीए की है और आगे भी एनडीए की ही रहेगी।

उन्होंने कहा कि अभी भी 589 राजस्व सेवा के अधिकारी कार्यरत हैं। ऐसे अधिकारी जो काम कर रहे हैं, उनके प्रति सरकार की पूरी सहानुभूति है। ऐसे ही अधिकारियों के काम से इस अवधि में भी जनता का काम हो रहा है। आज तक दाखिल–खारिज के 23,449, परिमार्जन के 96,469 और ई-मापी के 14,220 मामलों का निष्पादन किया गया है।

उन्होंने हड़ताली अधिकारियों से अपील की कि वे संवाद की प्रक्रिया में सकारात्मक भागीदारी करें ताकि आम जनता से जुड़े राजस्व कार्यों का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 April 2026 9:21 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story