बिहार में कई आईएएस अधिकारियों का तबादला, विभिन्न विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपीं

बिहार में कई आईएएस अधिकारियों का तबादला, विभिन्न विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपीं
बिहार सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों का तबादला एवं अतिरिक्त प्रभार में बदलाव किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा गुरुवार को जारी अधिसूचना के अनुसार विभिन्न विभागों में सचिव स्तर से लेकर निगमों और जिला परिषद के अधिकारियों तक नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

पटना, 16 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों का तबादला एवं अतिरिक्त प्रभार में बदलाव किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा गुरुवार को जारी अधिसूचना के अनुसार विभिन्न विभागों में सचिव स्तर से लेकर निगमों और जिला परिषद के अधिकारियों तक नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जारी अधिसूचना के मुताबिक, आईएएस अधिकारी अभय कुमार सिंह को सूचना प्रावैधिकी विभाग के सचिव पद से स्थानांतरित करते हुए ग्रामीण कार्य विभाग का सचिव बनाया गया है। साथ ही उन्हें अगले आदेश तक सूचना प्रावैधिकी विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं, 2005 बैच के आईएएस अधिकारी विदेश सेहरा को ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव पद से स्थानांतरित कर खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का सचिव बनाया गया है। उन्हें सामान्य प्रशासन विभाग के जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी अगले आदेश तक संभालना होगा।

आईएएस अधिकारी दीपक आनंद को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव पद से स्थानांतरित कर खेल विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। इसी क्रम में राजीव रोशन को, जो वर्तमान में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव हैं, बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की प्रक्रिया पूरी होने तक शिक्षा विभाग और खेल विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। साथ ही वे अगले आदेश तक वित्त विभाग में सचिव (संसाधन) का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।

2010 बैच की आईएएस अधिकारी रचना पाटिल, जो वित्त विभाग में सचिव (व्यय) हैं, उन्हें अगले आदेश तक कृषि विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

अधिसूचना के अनुसार, इनायत खान को बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक पद से स्थानांतरित कर महिला एवं बाल विकास निगम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। वह इससे पहले राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रही थीं।

इसी तरह, धर्मेंद्र कुमार, जो बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अध्यक्ष हैं, उन्हें अगले आदेश तक शिक्षा विभाग में विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है जबकि मनेश कुमार मीणा, जो खान निदेशक हैं, उन्हें बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

इसके अलावा, आईएएस अधिकारी श्वेता भारती को खगड़िया जिला परिषद के उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी के पद से स्थानांतरित कर इसी पद पर सीतामढ़ी में पदस्थापित किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार सभी स्थानांतरण एवं अतिरिक्त प्रभार संबंधी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 July 2026 9:04 PM IST

Tags

Next Story