बिहार मुजफ्फरपुर में बदमाश बेखौफ, दिनदहाड़े जमीन कारोबारी की गोली मारकर हत्या

बिहार मुजफ्फरपुर में बदमाश बेखौफ, दिनदहाड़े जमीन कारोबारी की गोली मारकर हत्या
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बेखौफ अपराधियों ने सोमवार को अहियापुर थाना क्षेत्र के व्यस्ततम बाजार समिति रोड पर बाइक सवार अपराधियों ने सरेआम गोलीबारी करते हुए जमीन कारोबारी प्रभाकर सिंह की हत्या कर दी।

मुजफ्फरपुर, 30 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बेखौफ अपराधियों ने सोमवार को अहियापुर थाना क्षेत्र के व्यस्ततम बाजार समिति रोड पर बाइक सवार अपराधियों ने सरेआम गोलीबारी करते हुए जमीन कारोबारी प्रभाकर सिंह की हत्या कर दी।

बताया गया कि प्रभाकर सिंह सड़क से गुजर रहे थे, तभी घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक किया। इससे पहले कि प्रभाकर कुछ समझ पाते, अपराधियों ने उन्हें पीछे से ही गोली मार दी। गोली लगने के बाद प्रभाकर सिंह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल प्रभाकर सिंह को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले गयी। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक की पहचान गायघाट थाना क्षेत्र निवासी प्रभाकर सिंह के रूप में हुई है। वे जमीन कारोबार से जुड़े हुए थे। पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से जांच कर रही हैं।

आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। उन्होंने बताया कि अपराधियों की संख्या दो बताई गई है जो बाइक पर सवार थे। घटना के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।

इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। पुलिस को प्राथमिक तौर पर हत्यारों को लेकर कुछ जानकारी मिली है; जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरी जांच के बाद ही घटना का खुलासा होगा। परिजनों से बयान लेने के बाद ही आगे कुछ कहा जा सकता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतक बालू और गिट्टी व्यवसाय से भी जुड़े हुए थे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   30 March 2026 5:15 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story