बिहार राज्यसभा चुनाव से पहले एनडीए ने की तैयारी, विधायकों को दी वोटिंग की ट्रेनिंग
पटना, 15 मार्च (आईएएनएस)। बिहार की पांच राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव से पहले प्रदेश में एनडीए की बैठकों का दौर जारी है। एनडीए के नेताओं ने दावा ठोका है कि सभी सीटों पर जीत एनडीए की होगी।
रविवार को राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर एनडीए के सभी विधायकों और विधान पार्षदों की बैठक बुलाई गई। राज्यसभा चुनाव को लेकर यहां मॉक वोटिंग की तैयारी की गई, जिसमें विधायकों को राज्यसभा चुनाव में वोटिंग की प्रक्रिया समझाई गई।
मंत्री संजय पासवान ने एनडीए की बैठक पर कहा कि राज्यसभा चुनाव में मॉक वोटिंग करना सीखना ही पड़ेगा। हम जानते नहीं हैं कि किस प्रकार वोट डाला जाता है। 2014 के बाद अब वोट डाला जा रहा है, तो इसलिए वोट डालना सीखना जरूरी है।
विपक्ष के दावे पर उन्होंने कहा कि उन्हें डर है, अपने विधायकों पर भरोसा नहीं है, इसलिए उन्हें बंद कर दिया, जबकि एनडीए के विधायक तो ऐसे ही घूम रहे हैं। एनडीए के पास संख्या की कोई कमी नहीं है। 12-14 घंटे की बात है, फैसला आ जाएगा।
मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि अगर कोई विधायक नजरबंद करने की शिकायत करेगा तो शासन उस पर कार्रवाई करेगा। क्या उन्होंने कोई शिकायत की है? कानून अपना काम करेगा; हम क्या मदद करेंगे? अगर हमें कोई किडनैप कर ले और हम शिकायत करेंगे तो क्या कार्रवाई नहीं होगी? कानून का राज है, गुंडों का नहीं। उन्होंने कहा कि हमारे पांचों प्रत्याशी भारी बहुमत से जीतेंगे।
जदयू विधायक विनय चौधरी ने एनडीए की बैठक पर कहा कि आज बताया जाएगा कि किस प्रकार मतदान करना है। बस यही होगा। पांचों सीटें जीतेंगे।
भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने कहा कि इस बार कई नए विधायक हैं, इसलिए यह समझाया गया कि आईडी कार्ड बहुत जरूरी है, क्योंकि कोई भी इसके आधार पर दावा कर सकता है। हमें ऐसी कई बातें सिखाई और समझाई गईं। उन्होंने कहा कि वोट कैसे डाला जाना है, यह भी बताया गया है ताकि कोई भी वोट अवैध घोषित न हो।
लोजपा (रामविलास) सांसद अरुण भारती ने कहा कि एनडीए 5 में से 5 सीटें जीत रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष अब चिंतित है। जिन लोगों में नेतृत्व करने की ताकत हुआ करती थी, वे अब सिर्फ पांचवीं सीट के लिए लड़ रहे हैं और पांचवीं सीट पर भी, कोई बड़ा मुद्दा नहीं है। हम वह भी जीत रहे हैं।
मंत्री लेशी सिंह ने एनडीए बैठक पर कहा कि यह तो स्वाभाविक है। कम हमारे यहां भी बैठक हुई थी। विभिन्न जगहों पर बैठक हो रही है। हमारे पांच प्रत्याशी जीतेंगे। कौन किसे वोट देगा, प्रक्रिया समझाई जा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 March 2026 5:57 PM IST












