बिहार राज्यसभा चुनाव में अजय आलोक ने एनडीए की जीत का किया स्वागत, विपक्ष पर साधा निशाना
नई दिल्ली, 16 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता अजय आलोक ने बिहार राज्यसभा चुनाव के नतीजों का स्वागत करते हुए इन्हें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति समर्थन का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम उम्मीदों के अनुरूप आए हैं और एनडीए के सभी उम्मीदवारों की जीत पहले से तय मानी जा रही थी।
अजय आलोक ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि बिहार राज्यसभा चुनाव के नतीजे बिल्कुल अपेक्षा के अनुसार आए हैं। भाजपा और एनडीए को पहले से विश्वास था कि उनके पांचों उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि राज्यसभा में एनडीए की स्थिति मजबूत है और गठबंधन को बहुमत हासिल है।
आलोक ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कई राज्यों में कांग्रेस की स्थिति कमजोर हो गई है और तथाकथित विपक्षी गठबंधन भी पूरी तरह से बेनकाब हो गया है। उनके अनुसार बिहार समेत अन्य राज्यों में हुए राजनीतिक घटनाक्रम से यह स्पष्ट होता है कि विपक्षी दलों का जनाधार कितना कमजोर है।
देश में आगामी 9 अप्रैल को कई राज्यों में चुनाव होने वाले हैं। इसी संदर्भ में कांग्रेस नेता नाना पटोले ने चुनाव परिणामों की घोषणा में देरी को लेकर सवाल उठाए हैं। पटोले का कहना है कि यदि मतदान हो जाता है तो उसके दो से तीन दिनों के भीतर परिणाम घोषित किए जाने चाहिए, जबकि इस बार 4 मई को नतीजे घोषित किए जाने की बात कही जा रही है।
भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक ने नाना पटोले के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि विपक्ष इस तरह के मामलों में अपनी राय क्यों देता है। उन्होंने कहा कि चुनाव की तारीखें और कार्यक्रम तय करना निर्वाचन आयोग का अधिकार और जिम्मेदारी है, न कि विपक्षी नेताओं का। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे हर विषय पर टिप्पणी करना कुछ नेताओं की आदत बन गई है और इससे केवल देश का समय ही बर्बाद होता है।
उन्होंने आगे कहा कि किसी भी विपक्षी दल ने चुनाव प्रक्रिया का खुले तौर पर स्वागत नहीं किया है, जबकि चुनाव लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व होता है। उनके अनुसार विपक्षी दल चुनाव से घबराए हुए हैं क्योंकि उन्हें पहले से ही हार का अंदेशा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संभावित हार को देखते हुए विपक्षी दल बौखलाहट में अनावश्यक बयानबाजी कर रहे हैं।
वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने कहा कि अगर सम्मान मिला तो एक साथ चुनाव लड़ेंगे। इस पर अजय आलोक ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जेएमएम को यह सोचना चाहिए कि कांग्रेस उसके साथ कितना सम्मानजनक व्यवहार करती है। उनका दावा था कि बिहार में पहले भी देखा जा चुका है कि कांग्रेस ने जेएमएम को अपेक्षित सम्मान नहीं दिया था और यह बात सहयोगी दलों को समझनी चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 March 2026 8:49 PM IST










