बिहार राज्यसभा चुनाव में एनडीए के पांचों उम्मीदवारों की जीत, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने दी बधाई
नई दिल्ली, 16 मार्च (आईएएनएस)। बिहार की पांच राज्यसभा सीटों के लिए हुए चुनाव की मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इस चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी पांचों सीटों पर जीत दर्ज की है। परिणाम आने के साथ ही एनडीए खेमे में उत्साह का माहौल है और गठबंधन के नेताओं को लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
एनडीए की ओर से राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने वाले नेताओं में नीतीश कुमार, उपेंद्र कुशवाहा, रामनाथ ठाकुर और शिवेश कुमार शामिल हैं। इस जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने सभी विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी। उन्होंने लिखा कि एनडीए की ओर से राज्यसभा के लिए निर्वाचित नीतीश कुमार, उपेंद्र कुशवाहा, रामनाथ ठाकुर और शिवेश कुमार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने लिखा, "एनडीए की ओर से राज्यसभा के लिए निर्वाचित माननीय श्री नीतीश कुमार जी, श्री उपेन्द्र कुशवाहा जी, श्री राम नाथ ठाकुर जी एवं श्री शिवेश कुमार जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। राज्यसभा के लिए निर्वाचित होना एक महत्वपूर्ण दायित्व है। मुझे विश्वास है कि आप सभी का अनुभव और जनसेवा के प्रति आपका समर्पण बिहार के विकास से जुड़े मुद्दों तथा जनहित के विषयों को राष्ट्रीय मंच पर और अधिक सशक्त रूप से रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।"
उन्होंने आगे लिखा, "आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की यह सफलता विकसित भारत के संकल्प को और अधिक गति प्रदान करेगी।"
राज्यसभा चुनात के घोषित परिणामों के अनुसार, नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू से दो उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। इनमें स्वयं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर शामिल हैं। वहीं, भाजपा की ओर से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिवेश कुमार ने जीत दर्ज की। इसके अलावा, एनडीए सहयोगी दल राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएमएल) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा भी राज्यसभा चुनाव जीतने में सफल रहे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 March 2026 9:41 PM IST












