- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- दिनदहाड़े दिल दहला देने वाली वारदात...
मुलुंड स्टेशन: दिनदहाड़े दिल दहला देने वाली वारदात - पति ने चलती लोकल के सामने पत्नी को दिया धक्का, ट्रेन की चपेट में आने से मौत

Mumbai News. दिवाकर सिंह. मुलुंड रेलवे स्टेशन पर दिनदहाड़े एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को चलती लोकल ट्रेन के सामने धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया। घटना से स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने नाबालिग बेटे के साथ मौके से फरार हो गया। इस मामले में कुर्ला रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने मृतक महिला के आर्मी जवान भाई की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। कुर्ला रेलवे पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान पुष्पा राजू गुप्ता (36) के रूप में हुई है। घटना के संबंध में मृतका के भाई कमलेश कुमार शामदेव गुप्ता (30) ने शिकायत दर्ज कराई है, जो उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के निवासी हैं और भारतीय सेना में जवान के रूप में तैनात हैं।
देवरिया से भाई के साथ मुंबई पहुंची थी महिला
रेलवे पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, कमलेश कुमार गुप्ता 14 मार्च की सुबह करीब 6:30 बजे अपनी बहन पुष्पा और 15 वर्षीय भांजे शुभम के साथ उत्तर प्रदेश के देवरिया से मुंबई पहुंचे थे। वे सीधे मुलुंड पश्चिम के रामगढ़ इलाके में स्थित पुष्पा के पति राजू अवधराम गुप्ता (42) के घर गए थे। घर पहुंचने के बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि पुष्पा ने मुलुंड पुलिस स्टेशन जाकर अपने पति के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई।
यह भी पढ़े -महंगा हुआ गैस सिलेंडर खाद्य तेल की कीमतें भी बढ़ी, 237 मेडिकल दुकानों का लाइसेंस रद्द, मंत्री फुंडकर की गैरहाजिरी पर हंगामा, मुंबई मनपा का सरकार के पास 10 हजार 931 करोड़ बकाया
कलवा जाने के लिए स्टेशन पहुंची थी महिला
पुलिस के अनुसार, शिकायत के बाद कमलेश अपनी बहन को लेकर कलवा जाने के लिए मुलुंड रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने टिकट खरीदा और अपनी बहन पुष्पा को प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर ट्रेन का इंतजार करने के लिए खड़ा कर दिया। इसी बीच कमलेश अपना पहचान पत्र लेने के लिए दोबारा रामगढ़ स्थित राजू गुप्ता के घर चले गए, जबकि पुष्पा स्टेशन पर ही ट्रेन का इंतजार कर रही थी।
भाई और भांजे को घर में बंद करने का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि जब कमलेश घर पहुंचे तो वहां राजू गुप्ता और उसका 13 वर्षीय बेटा शुभांशु उर्फ विराट मौजूद थे। आरोप है कि दोनों ने कमलेश और उनके भांजे शुभम को घर के अंदर बंद कर दिया ताकि वे स्टेशन तक वापस न जा सकें। इसके बाद आरोपी अपने बेटे को साथ लेकर सीधे मुलुंड रेलवे स्टेशन पहुंच गया। पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 10:35 बजे मुलुंड रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर फुटओवर ब्रिज के नीचे खड़ी अपनी पत्नी पुष्पा को आरोपी राजू गुप्ता ने अचानक चलती लोकल ट्रेन के सामने धक्का दे दिया।अचानक हुई इस घटना से प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने नाबालिग बेटे के साथ मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। कुर्ला जीआरपी ने मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर आरोपी राजू अवधराम गुप्ता (42) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है और स्टेशन व आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।फिलहाल पुलिस इस सनसनीखेज वारदात के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।
Created On :   16 March 2026 10:05 PM IST












