- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- महाराष्ट्र में जर्जर हालत में चल...
New Delhi News: महाराष्ट्र में जर्जर हालत में चल रही हैं 22,691 कक्षाएं, सरकार ने जर्जर स्कूल भवनों में कक्षाएं नहीं चलाने का दिया निर्देश

New Delhi News. सरकार शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के भले ही बड़े बड़े दावे करे, लेकिन आज हजारों सरकारी स्कूलों के भवन जर्जर हालत में हैं और छात्र इन असुरक्षित कक्षाओं में पढ़ने को मजबूर है। महाराष्ट्र के 10,568 स्कूलों की लगभग 23 हजार कक्षाएं जर्जर स्थिति में हैं। यह जानकारी केन्द्रीय शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने सोमवार को लोकसभा में नाशिक सांसद राजाभाऊ वाजे के एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी। केन्द्रीय मंत्री ने महाराष्ट्र सरकार के हवाले से बताया कि यूडाइज (प्लस) डेटा वर्ष 2025-26 के अनुसार प्रदेश के 10,568 स्कूलों की कुल 22,691 कक्षाएं जर्जर हालत मंे चल रही हैं। कई स्कूलों की छतें टपक रही हैं तो कई स्कूलों की दीवारें गिरने की स्थिति में हैं। चौधरी ने सदन को बताया कि महाराष्ट्र सरकार ने स्कूल सुरक्षा पर जोर देते हुए संबंधित स्थानीय अधिकारियों को इन जर्जर स्कूल भवनों का उपयोग नहीं करने का निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि कक्षाओं का निर्माण आैर मरम्मत समग्र शिक्षा तथा राज्य सरकार की अन्य योजनाओं के अंतर्गत किया जाता है।
स्कूल भवनों की सुरक्षा सुनिश्चित करें सभी राज्य : केन्द्र
केन्द्र सरकार ने 7 अगस्त 2025 को सभी राज्यों व केन्द्र शासित प्रदेशों को निर्देश दिया है कि वे स्कूल भवनों की संरचनात्मक सुरक्षा सुनिश्चित करें और सुरक्षा लेखा परीक्षा के माध्यम से असुरक्षित और जर्जर स्कूल भवनों की तत्काल पहचान करें। केन्द्र ने यह भी कहा है कि यदि आवश्यक हो तो ऐसे जर्जर भवनों को गिरा दिया जाए या संरचनात्मक रूप से असुरक्षित ढांचों की मरम्मत की जाए और जब तक उन्हें सुरक्षित प्रमाणित न कर दिया जाए, तब तक उनके उपयोग पर रोक लगा दी जाए।
Created On :   16 March 2026 9:33 PM IST












