बिहार सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवक की दौड़ के दौरान मौत, चिकित्सकों ने बताया कार्डियक अरेस्ट

बिहार सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवक की दौड़ के दौरान मौत, चिकित्सकों ने बताया कार्डियक अरेस्ट
बिहार के गोपालगंज जिले में सेना भर्ती की तैयारी कर रहे एक युवक की दौड़ लगाने के दौरान तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना नगर थाना क्षेत्र स्थित तिलंगही मैदान की है। मृतक की पहचान बसडीला नवका टोला निवासी जयप्रकाश प्रसाद के इकलौते पुत्र रंजीत कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

गोपालगंज, 6 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के गोपालगंज जिले में सेना भर्ती की तैयारी कर रहे एक युवक की दौड़ लगाने के दौरान तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना नगर थाना क्षेत्र स्थित तिलंगही मैदान की है। मृतक की पहचान बसडीला नवका टोला निवासी जयप्रकाश प्रसाद के इकलौते पुत्र रंजीत कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

परिजनों के अनुसार, रंजीत कुमार पिछले कई महीनों से सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था। वह रोज की तरह सोमवार सुबह तिलंगही मैदान में दौड़ लगाने पहुंचा था। बताया गया कि तीन राउंड दौड़ पूरी करने के बाद उसे अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। इसके कुछ ही क्षण बाद वह मैदान में गिरकर बेहोश हो गया। साथ में दौड़ रहे अन्य युवकों ने तत्काल उसे उठाकर गोपालगंज सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला कार्डियक अरेस्ट का प्रतीत होता है। डॉक्टरों ने बताया कि यदि घटना के तुरंत बाद सही तरीके से सीपीआर दिया जाता तो उसकी जान बचने की संभावना हो सकती थी। चिकित्सकों ने कहा कि अचानक कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं और समय पर सीपीआर मिलने से कई मामलों में मरीज की जान बचाई जा सकती है।

परिजनों ने बताया कि रंजीत अपने परिवार की उम्मीदों का केंद्र था और सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना चाहता था। उसके पिता जयप्रकाश प्रसाद गोपालगंज की बड़ी बाजार में छोटामोटा काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। रंजीत परिवार का इकलौता पुत्र था, जिसकी असामयिक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन सदर अस्पताल पहुंच गए। युवक की मौत से इलाके में शोक का माहौल है। चिकित्सकों ने युवाओं से कठिन शारीरिक अभ्यास के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की अपील की है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   6 July 2026 5:44 PM IST

Tags

Next Story