सीएम हेमंत सोरेन ने रांची खेलगांव शूटिंग रेंज का किया औचक निरीक्षण, बदहाल व्यवस्था पर जताई नाराजगी
रांची, 6 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को रांची के खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शूटिंग रेंज की आधारभूत संरचना, उपकरणों, सुरक्षा मानकों और खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएम हेमंत सोरेन ने 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर शूटिंग रेंज का जायजा लिया। उन्होंने शूटिंग रेंज के रखरखाव, प्रशिक्षण व्यवस्था, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता और खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए मौजूद सुविधाओं की समीक्षा की। परिसर की मौजूदा स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने को कहा। इस दौरान राज्य के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है और राज्य के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। ऐसे में उन्हें विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शूटिंग रेंज के समग्र विकास की कार्ययोजना तैयार कर उसका समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का भी आधार है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने शूटिंग रेंज में उपलब्ध उपकरणों के रखरखाव और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने खिलाड़ियों से बातचीत कर प्रशिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली तथा फायर सेफ्टी व्यवस्था, फायर हाइड्रेंट, मॉक ड्रिल और सीसीटीवी निगरानी प्रणाली को नियमित और प्रभावी बनाए रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। इस दौरान उन्होंने शूटिंग राइफल से निशाना भी साधा। निरीक्षण के समय मुख्य सचिव अविनाश कुमार, खेल विभाग के सचिव मुकेश कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 July 2026 6:24 PM IST












