भाजपा की बदनीयत बेनकाब, नैतिक आधार खो चुकी सरकार अखिलेश यादव
लखनऊ, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण बिल को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जनता के बढ़ते विरोध और आक्रोश से ध्यान भटकाने के लिए लाया गया यह बिल अंततः भाजपा की हार और उसकी बदनीयत की हार साबित हुआ है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा का हर प्रयास और हर विधेयक कुछ खास लोगों को फायदा पहुंचाने या समाज को बांटने के उद्देश्य से लाया जाता है। उनके अनुसार, इस बार भी भाजपा ने महिला आरक्षण के नाम पर महिलाओं की एकता में दरार डालने और उन्हें भ्रमित करने की कोशिश की, लेकिन विपक्ष की एकजुटता ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
उन्होंने कहा कि यह परिणाम देश में बढ़ती जनचेतना की जीत है, जिसका प्रतिनिधित्व विपक्ष कर रहा है। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने सरकार में बने रहने का नैतिक आधार खो दिया है और जनता अब उसके खिलाफ खड़ी हो चुकी है।
सपा प्रमुख ने भाजपा की महिला हितैषी होने के दावे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा की सोच पुरातनपंथी है और जो लोग परिवार की अवधारणा को नकारते हैं, वे वास्तव में समाज की धुरी महिलाओं को भी नजरअंदाज करते हैं। उनके मुताबिक, प्रस्तावित बिल में कई अन्य मुद्दों को छिपाकर लाने की कोशिश की जा रही थी, जिसका विरोध किया गया।
अखिलेश यादव ने कहा कि यदि संसद की कार्यवाही पूरी होने के बाद इस विषय को व्यापक सहमति से आगे बढ़ाया जाता, तो संभव है कि सभी दल इसके पक्ष में होते। उन्होंने कहा कि आज विपक्ष की एकजुटता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा सरकार नैतिक रूप से कमजोर हो चुकी है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि संसद में जो सरकार हार जाती है, उसे सत्ता में बने रहने का अधिकार नहीं होता। साथ ही उन्होंने कहा कि देश की जनता को अब विश्वास हो गया है कि बुरे दिन जाने वाले हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 April 2026 9:48 PM IST











