बोकारो ट्रेजरी घोटाला 1.11 करोड़ गबन में एएसआई गिरफ्तार, सीआईडी जांच में बड़े खुलासे
बोकारो, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के बोकारो जिला ट्रेजरी से फर्जी तरीके से राशि निकासी के मामले में सीआईडी ने बोकारो एसपी कार्यालय के अकाउंट सेक्शन में प्रतिनियुक्त एएसआई अशोक कुमार भंडारी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी पर लेखापाल कौशल कुमार पांडेय के साथ मिलकर वर्षों तक सरकारी खजाने में सेंध लगाने का गंभीर आरोप है। सीआईडी की अब तक की जांच में 1.11 करोड़ रुपये से अधिक के गबन का मामला सामने आया है।
झारखंड सरकार के निर्देश पर इस पूरे घोटाले की जांच सीआईडी रांची कर रही है। इस सिलसिले में सीआईडी थाना 24 अप्रैल को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मामले की संवेदनशीलता और व्यापकता को देखते हुए एक विशेष जांच दल का भी गठन किया गया है। जांच में यह तथ्य सामने आया है कि गिरफ्तार अशोक कुमार भंडारी, मुख्य आरोपी और लेखापाल कौशल कुमार पांडेय का करीबी सहयोगी था।
कौशल पांडेय के खाते से अशोक भंडारी के बैंक खाते में करीब 50 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। आरोपी की मोडस ऑपरेंडी यह थी कि वे मिलकर फर्जी कमान (आधिकारिक दस्तावेज) तैयार करते थे और इन्हीं दस्तावेजों के सहारे यात्रा भत्ता बिलों की अवैध निकासी की जाती थी।
यह खेल साल 2020 से लगातार चल रहा था और अकेले अशोक भंडारी के खाते के माध्यम से ही 1.11 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि निकाली गई। सीआईडी के अनुसार, यह जांच का शुरुआती चरण है और आने वाले दिनों में इस घोटाले में कई और विभागीय कर्मियों और अधिकारियों पर गाज गिर सकती है।
एसआईटी फिलहाल बैंक खातों और विभागीय दस्तावेजों को खंगाल रही है। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे और ट्रेजरी कार्यालयों में हड़कंप व्याप्त है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 April 2026 9:25 PM IST












