विधान परिषद चुनाव: महाविकास आघाड़ी में घमासान, उद्धव गुट ने ठाकरे की जगह अंबादास दानवे को उतारा

महाविकास आघाड़ी में घमासान, उद्धव गुट ने ठाकरे की जगह अंबादास दानवे को उतारा
  • कांग्रेस भी उतारेगी अपना उम्मीदवार- हर्षवर्धन सपकाल
  • राकांपा (अजित) ने जीशान सिद्दीकी को बनाया अपना उम्मीदवार
  • उद्धव गुट को कांग्रेस की नहीं पड़ेगी जरुरत

Mumbai News. महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव से पहले महाविकास आघाड़ी में अंदरूनी मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं। शिवसेना (उद्धव) ने बड़ा फैसला लेते हुए पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे की जगह अंबादास दानवे को उम्मीदवार घोषित कर दिया है। इस फैसले के बाद आघाड़ी में असहमति तेज हो गई। जैसे ही दानवे के नाम की घोषणा की गई वैसे ही प्रदेश कांग्रेस ने तीखे तेवर दिखाते हुए अपना उम्मीदवार उतारने का ऐलान कर दिया। शिवसेना (उद्धव) सांसद संजय राऊत ने दानवे को महाविकास आघाडी का संयुक्त उम्मीदवार बताया लेकिन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने अपना उम्मीदवार उतारने की घोषणा कर दी।

शिवसेना (उद्धव) के नेता समेत महाविकास आघाड़ी के कई नेता चाहते थे कि उद्धव ठाकरे खुद विधान परिषद का चुनाव लड़ें। कांग्रेस ने भी उनके नाम को समर्थन देने की बात कही थी, लेकिन अचानक दानवे के नाम की घोषणा से सहयोगी दलों में नाराजगी बढ़ गई। शिवसेना के इस फैसले से नाराज कांग्रेस अब अपना अलग उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि हम हमारा उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारेंगे। उधर कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने स्पष्ट कहा कि पार्टी ने समर्थन केवल उद्धव ठाकरे के नाम को दिया था। उद्धव गुट द्वारा बिना चर्चा के नया नाम घोषित करना उचित नहीं है।

उद्धव गुट को कांग्रेस की नहीं पड़ेगी जरुरत

इस घटनाक्रम के बाद महाविकास आघाड़ी में समन्वय की कमी साफ दिखाई दे रही है। अंदरखाने यह भी चर्चा है कि इस विवाद का असर चुनावी समीकरणों पर पड़ सकता है। हालांकि बड़े आराम से शिवसेना (उद्धव) का उम्मीदवार इस विधान परिषद चुनाव में बड़े आराम से जीत हासिल कर सकता है क्योंकि जीत का आंकड़ा 29 है, जबकि उद्धव गुट के पास 20 विधायक और राकांपा (शरद) के पास 10 विधायक हैं। ऐसे में बगैर कांग्रेस का समर्थन लिए दानवे चुनाव जीत सकते हैं।

दानवे आज भरेंगे नामांकन

उम्मीदवार घोषित होने के बाद अंबादास दानवे बुधवार सुबह 11 बजे नामांकन दाखिल करेंगे। उन्होंने कहा कि वे महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवार हैं और बाकी निर्णय पार्टी नेतृत्व पर निर्भर है। फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम ने विधान परिषद चुनाव को और दिलचस्प बना दिया है। अब सभी की नजरें कांग्रेस के अगले कदम और महाविकास आघाड़ी में आगे होने वाली रणनीतिक बैठकों पर टिकी हैं।

राकांपा (अजित) के उम्मीदवार होंगे जीशान सिद्दीकी

उधर भाजपा द्वारा अपना उम्मीदवार घोषित करने के बाद राकांपा (अजित) ने पूर्व विधायक जीशान सिद्दीकी को अपना उम्मीदवार बनाया है। प्रदेश राकांपा (अजित) अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष सुनेत्रा पवार और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा करने के बाद सिद्दीकी को उम्मीदवारी दी गई है।

Created On :   29 April 2026 9:21 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story