- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मुंबई के रेलवे स्टेशनों को उड़ाने...
हड़कंप मचा: मुंबई के रेलवे स्टेशनों को उड़ाने की धमकी, पाकिस्तान से आए कॉल में मांगी 5 करोड़ की फिरौती, हाई अलर्ट जारी और जांच शुरू

Mumbai News. मंगलवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब रेलवे पुलिस कंट्रोल रूम को एक धमकी भरा कॉल मिला। कॉलर ने खुद को इरफान बताते हुए मुंबई के प्रमुख रेलवे स्टेशनों और एक कार्यालय को निशाना बनाने की धमकी दी। इतना ही नहीं, उसने आम लोगों की जान-माल की सुरक्षा के बदले 5 करोड़ रुपये की मांग भी रखी। इस कॉल के आते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गई और प्रमुख स्टेशनों की सुरक्षा बढ़ा दी गई।
रेलवे पुलिस के अनुसार, यह कॉल मंगलवार सुबह करीब 3 बजे रेलवे पुलिस कंट्रोल रूम के व्हाट्सएप नंबर पर प्राप्त हुआ। कॉल मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई और पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। धमकी मिलने के तुरंत बाद मुंबई के बड़े रेलवे स्टेशनों छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, दादर, मुंबई सेंट्रल, बांद्रा टर्मिनस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस, अंधेरी, ठाणे और कुर्ला समेत कई संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई। रेलवे पुलिस, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने स्टेशन परिसरों, प्लेटफॉर्म, पार्किंग एरिया, प्रतीक्षालय और संदिग्ध सामानों की गहन जांच शुरू की, लेकिन कुछ संदिग्ध नहीं मिला इस धमकी के बाद स्टेशनों पर आने-जाने वाले यात्रियों की भी अतिरिक्त जांच की जा रही है। कई जगहों पर डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्तों को भी तैनात किया गया।
यह भी पढ़े -डायलिसिस मरीज को 17 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट करके ठगे 1.67 करोड़, ब्लू डार्ट कॉल से शुरू हुआ डर का खेल
प्राथमिक जांच में रेलवे पुलिस को पता चला है कि धमकी देने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल नंबर पाकिस्तान से जुड़ा हुआ है। इसके बाद मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि कॉल वास्तव में पाकिस्तान से किया गया या इंटरनेट कॉलिंग व फर्जी तकनीक के जरिए नंबर का इस्तेमाल किया गया। साइबर एक्सपर्ट्स और इंटेलिजेंस एजेंसियां नंबर की तकनीकी जांच कर रही हैं। कॉल डिटेल, आईपी एड्रेस, लोकेशन ट्रैकिंग और डिजिटल फुटप्रिंट खंगाले जा रहे हैं।
कॉलर ने धमकी देते हुए कहा कि अगर 5 करोड़ रुपये नहीं दिए गए तो रेलवे स्टेशनों और एक दफ्तर पर हमला किया जाएगा। इसे देखते हुए पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि मामला सिर्फ अफवाह फैलाने का है या फिर संगठित उगाही और आतंक फैलाने की साजिश का हिस्सा। रेलवे प्रशासन और पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। बिना जांच के किसी अफवाह पर ध्यान न दें।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
मुंबई जैसे महानगर को पहले भी कई बार धमकी भरे कॉल और संदेश मिल चुके हैं। ऐसे मामलों में कई बार कॉल फर्जी निकले हैं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी सूचना को हल्के में नहीं लेतीं। इसी वजह से इस बार भी त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे शहर के रेलवे नेटवर्क को हाई अलर्ट पर रखा गया है। रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही कॉलर की पहचान कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
Created On :   28 April 2026 10:17 PM IST










