बूथ विजय मंत्र के साथ भाजपा ने कसी चुनावी कमर, पंकज चौधरी बोले- हर घर तक पहुंचकर तोड़ेंगे विपक्ष का भ्रम
लखनऊ, 11 मई (आईएएनएस)। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने प्रदेश महामंत्रियों और क्षेत्रीय अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर संगठनात्मक अभियानों और आगामी रणनीति पर विस्तृत मंथन किया।
बैठक में बूथ सशक्तिकरण, प्रशिक्षण अभियान, पन्ना प्रमुखों की सक्रियता और 'हर घर दस्तक' अभियान को लेकर विशेष चर्चा हुई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि विधानसभा चुनाव की दृष्टि से संगठन का प्रत्येक अभियान बूथ-केंद्रित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी को हर बूथ पर विजय के संकल्प के साथ आगे बढ़ना है और इसके लिए सूक्ष्म प्रबंधन, अथक परिश्रम तथा लक्ष्य-आधारित रणनीति अपनानी होगी।
उन्होंने कहा कि बूथ ही भाजपा की वास्तविक ताकत है और बूथ की मजबूती ही चुनावी विजय का आधार बनेगी। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल झूठ, फरेब और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहा है, जबकि भाजपा का लक्ष्य हर घर तक पहुंचकर जनता को सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की सही जानकारी देना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मजबूत बूथ संरचना खड़ी करने का आह्वान किया ताकि विपक्ष के भ्रमजाल को समाप्त किया जा सके।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि जिला स्तर पर चलाया जा रहा प्रशिक्षण अभियान केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि वैचारिक रूप से सशक्त और प्रशिक्षित कार्यकर्ता तैयार करने का माध्यम है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन बूथों पर अभी तक बूथ समितियों का गठन नहीं हुआ है, वहां शीघ्र प्रक्रिया पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर मजबूत बूथ समिति, सक्रिय शक्ति केंद्र और प्रभावी पन्ना प्रमुखों की संरचना तैयार कर संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि 'हर घर दस्तक' अभियान की सफलता सक्रिय बूथ समितियों और समर्पित कार्यकर्ताओं के निरंतर परिश्रम पर निर्भर करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ गांव, गरीब, किसान, युवा और मातृशक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 May 2026 10:48 PM IST












