Breaking News: आज की बड़ी खबरें 01 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 1 Aug 2025 9:31 AM IST
भारतीय हाई कमिश्नर ने साइप्रस के पर्यटन मंत्री से की मुलाकात, सीधी उड़ान को लेकर हुई बात
भारत और साइप्रस के बीच रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है। इसी कड़ी में भारत के हाई कमिश्नर (उच्चायुक्त) मनीष ने निकोसिया में साइप्रस के उप पर्यटन मंत्री कोस्टास कूमिस से मुलाकात की। इस बैठक का उद्देश्य दोनों देशों के बीच पर्यटन सहयोग को और बढ़ाना था।
- 1 Aug 2025 9:20 AM IST
अमरनाथ यात्रा दूसरे दिन भी जम्मू से स्थगित, सिर्फ बालटाल से गुफा की ओर जाने की इजाजत
अमरनाथ यात्रा शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी जम्मू से घाटी तक स्थगित रही। यात्रियों को केवल बालटाल बेस कैंप से पवित्र गुफा की ओर जाने की अनुमति दी गई। गुरुवार तक यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या 4 लाख का आंकड़ा पार कर गई है।
- 1 Aug 2025 8:55 AM IST
जीशान सिद्दीकी को धमकी देने वाला आरोपी त्रिनिदाद से गिरफ्तार, मुंबई लाया गया
पूर्व विधायक और दिवंगत एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को धमकी भरे ईमेल भेजने के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर आरोपी मोहम्मद दिलशाद मोहम्मद नौवेद (35 वर्ष) को त्रिनिदाद और टोबैगो से हिरासत में लेकर मुंबई लाया गया है। आरोपी बिहार के दरभंगा जिले का मूल निवासी है और लंबे समय से त्रिनिदाद में रह रहा था।
- 1 Aug 2025 8:49 AM IST
मुंबई पुलिस की बड़ी कार्रवाई 3.46 करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामद, एक गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने भायखला इलाके में ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3.46 करोड़ रुपये की एमडी और चरस बरामद की है। यह कार्रवाई पेट्रोलिंग के दौरान की गई, जिसमें पुलिस ने एक संदिग्ध कार से भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए और एक युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय साहिल जुनैद अंसारी के रूप में हुई है, जो ठाणे जिले के भिवंडी इलाके का निवासी है। पुलिस के अनुसार, वह मुंबई में ड्रग्स की आपूर्ति करने के उद्देश्य से आया था।
- 1 Aug 2025 8:48 AM IST
भारतीय सेना पर सवाल उठाना गलत उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता
देश में 'ऑपरेशन सिंदूर' पर सियासी सरगर्मियां तेज हैं। इसे लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। इस पर लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारतीय सेना पर सवाल उठाना गलत है। लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने गुरुवार को आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने साफ तौर पर कहा है कि आतंकवादी पाकिस्तानी थे और पाकिस्तान से आए थे। जो लोग आज सवाल उठा रहे हैं, उन्हें शर्म आनी चाहिए। वे पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं।
- 1 Aug 2025 8:31 AM IST
बिहार मुजफ्फरपुर में जुलूस के दौरान पत्थरबाजी, थानाध्यक्ष सहित कई घायल
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में राजेपुर ओपी अंतर्गत मीनापुर गांव में महावीरी झंडा जुलूस पर हुई पत्थरबाजी में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पत्थरबाजी में थानाध्यक्ष के सिर में भी चोट लगी है। मामला राजेपुर थाना क्षेत्र के मीनापुर गांव का है। गांव में महावीरी झंडा जुलूस के दौरान हुई रोड़ेबाजी में कई लोग घायल हो गए। जुलूस पर छतों से रोड़े बरसाए गए। इसमें करीब दो दर्जन लोगों को चोट आई।
- 1 Aug 2025 8:11 AM IST
दिल्ली में अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना- आईएमडी
नई दिल्ली में अगले तीन दिन हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार और रविवार के बीच गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है। आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, अगले सात दिनों में पूर्वोत्तर और आसपास के पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। हालांकि, दिल्ली में शुक्रवार से बारिश की तीव्रता में मामूली कमी आने की उम्मीद है।
- 1 Aug 2025 8:08 AM IST
पश्चिम बंगाल मुर्शिदाबाद में छह बांग्लादेशी घुसपैठिए और एक स्थानीय एजेंट गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल पुलिस ने गुरुवार को मुर्शिदाबाद जिले से छह बांग्लादेशी नागरिकों और एक भारतीय एजेंट को अवैध रूप से भारत की सीमा पार करने के आरोप में गिरफ्तार किया। विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर, रानीनगर पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने कटलामारी II ग्राम पंचायत क्षेत्र में छापेमारी की, जिसके बाद ये गिरफ्तारियां हुईं।
Created On :   1 Aug 2025 8:03 AM IST